भक्ति संगीत के साथ श्रीमद् भागवत महापुराण ज्ञान यज्ञ सप्ताह का भव्य समापन महापौर रामू रोहरा हुए शामिल, धर्म–संस्कृति के संरक्षण का लिया संकल्प

धमतरी/ शहर के रामसागर पारा स्थित माँ कर्मा भवन, आमा तालाब रोड में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद् भागवत महापुराण ज्ञान यज्ञ सप्ताह का समापन भक्ति संगीत, संकीर्तन एवं आध्यात्मिक वातावरण के बीच श्रद्धा और उल्लास के साथ भव्य रूप से संपन्न हुआ। समापन अवसर पर नगर पालिक निगम धमतरी के महापौर रामू रोहरा विशेष रूप से उपस्थित होकर कथा श्रवण किया। कथा स्थल पर पहुँचने पर आयोजक समिति एवं श्रद्धालुओं द्वारा महापौर रोहरा का आत्मीय स्वागत किया गया। इसके पश्चात उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर श्रीमद् भागवत महापुराण की दिव्य कथा का श्रवण किया। कथा व्यास द्वारा भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं, भक्ति, ज्ञान एवं वैराग्य के महत्व पर सारगर्भित प्रवचन दिया गया। भक्ति संगीत और हरिनाम संकीर्तन से सम्पूर्ण परिसर भक्तिरस में सराबोर हो गया। इस अवसर पर महापौर श्री रामू रोहरा ने अपने उद्बोधन में कहा कि श्रीमद् भागवत महापुराण केवल धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि समाज को सदाचार, सेवा और समरसता का मार्ग दिखाने वाला जीवन-दर्शन है। नगर निगम धमतरी शहर के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ धार्मिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक आयोजनों को भी निरंतर प्रोत्साहित करता रहेगा। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से सामाजिक एकता मजबूत होती है और नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति से जोड़ने का कार्य होता है। महापौर ने आयोजक समिति को सफल एवं अनुशासित आयोजन के लिए बधाई देते हुए भविष्य में भी जनसहयोग से इस प्रकार के धार्मिक कार्यक्रम आयोजित करने की अपील की। समापन अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, पार्षदगण, समाजसेवी, धर्मप्रेमी नागरिक एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। कथा के पश्चात आरती, भजन-कीर्तन एवं महाप्रसाद वितरण का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का समापन शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं भक्तिमय वातावरण में हुआ।

Recent Posts