भव्य शेड केवल निर्माण नहीं, गांव की सांस्कृतिक विरासत को संजोने का मजबूत आधार है। महापौर रामू रोहरा धमतरी। ग्राम बोरिद खुर्द में आयोजित तीन दिवसीय संगीतमय मानस गान प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ नगर निगम धमतरी के महापौर रामू रोहरा के करकमलों से हुआ। इस अवसर पर महापौर ने नव-निर्मित शेड का विधिवत लोकार्पण करते हुए दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत की। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचते ही ग्रामवासियों एवं आयोजन समिति द्वारा महापौर का फूल-मालाओं एवं पारंपरिक आत्मीय स्वागत कर सम्मान किया गया। पूरे परिसर में भक्ति, उल्लास और सांस्कृतिक ऊर्जा का वातावरण देखने को मिला। सभा को संबोधित करते हुए महापौर श्री रोहरा ने कहा कि मानस गान केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि हमारी लोक-संस्कृति, सामाजिक समरसता और परंपराओं को जीवंत रखने का सशक्त माध्यम है। ऐसे आयोजनों से गांवों में सकारात्मक वातावरण बनता है और नई पीढ़ी अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ती है। उन्होंने कहा कि आज के आधुनिक युग में भी हमारी परंपराओं का जीवित रहना ग्रामीण अंचलों की सांस्कृतिक चेतना और सामूहिक सहभागिता का प्रमाण है। नगर निगम द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं के साथ-साथ सांस्कृतिक एवं सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इस दौरान महापौर ने नव-निर्मित भव्य शेड की विशेष सराहना करते हुए कहा कि यह शेड केवल एक निर्माण कार्य नहीं, बल्कि ग्राम बोरिद खुर्द की सांस्कृतिक पहचान और आने वाली पीढ़ियों के लिए एक स्थायी धरोहर है। उन्होंने कहा कि शेड का मजबूत और सुविधायुक्त निर्माण दूरदर्शी सोच का परिणाम है, जिससे भविष्य में मानस गान, भजन-कीर्तन, सामाजिक बैठकें एवं विभिन्न सांस्कृतिक आयोजन गरिमामय एवं सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हो सकेंगे। प्रतियोगिता में भाग ले रही सभी मानस मंडलियों को शुभकामनाएं देते हुए महापौर ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देती हैं और लोक कलाकारों को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर प्रदान करती हैं। साथ ही उन्होंने आयोजन समिति एवं ग्रामवासियों की एकजुटता और सहयोग की सराहना की। इस अवसर पर जनप्रतिनिधिगण, आयोजन समिति के पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता, वरिष्ठ नागरिक, युवा वर्ग सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। तीन दिनों तक चलने वाली इस संगीतमय मानस गान प्रतियोगिता में विभिन्न गांवों की मानस मंडलियां अपनी सुमधुर प्रस्तुतियों से श्रोताओं को भाव-विभोर करेंगी।







