एसपी धमतरी के निर्देश पर नगरी पुलिस का जागरूकता अभियान – छात्रों को यातायात सुरक्षा, नशा मुक्ति व सायबर ठगी से किया गया अवगत

शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय फरसियां में पुलिस की जागरूकता पहल – सुरक्षित सड़क, नशामुक्त जीवन और सायबर सतर्कता का संदेश नगरी पुलिस द्वारा छात्र-छात्राओं को दिया गया जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश – यातायात नियम, नशा मुक्ति व सायबर अपराध पर विशेष चर्चा पुलिस अधीक्षक धमतरी  के निर्देशानुसार जिले में जन-जागरूकता अभियानों की श्रृंखला के अंतर्गत थाना प्रभारी नगरी द्वारा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय फरसियां में विद्यार्थियों के लिए एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं को यातायात एवं सड़क सुरक्षा, नशा मुक्ति तथा सायबर ठगी व सायबर अपराध जैसे गंभीर विषयों पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी नगरी द्वारा विद्यार्थियों को सड़क दुर्घटनाओं के कारणों की जानकारी देते हुए बताया गया कि हेलमेट, सीट बेल्ट, निर्धारित गति सीमा तथा यातायात नियमों का पालन कर ही सड़क दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है। विद्यार्थियों से अपील की गई कि वे स्वयं नियमों का पालन करें एवं अपने परिजनों व समाज को भी इसके लिए प्रेरित करें। नशा मुक्ति विषय पर चर्चा करते हुए बताया गया कि नशीले पदार्थ न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुँचाते हैं, बल्कि उसका भविष्य भी अंधकारमय बना देते हैं। विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने हेतु प्रेरित किया गया। सायबर ठगी एवं सायबर अपराध के संबंध में जानकारी देते हुए बताया गया कि आज के डिजिटल युग में मोबाइल, सोशल मीडिया एवं ऑनलाइन लेन-देन के दौरान सतर्कता अत्यंत आवश्यक है। अनजान कॉल, लिंक, ओटीपी साझा न करने, फर्जी लॉटरी/इनाम संदेशों से सावधान रहने तथा किसी भी सायबर अपराध की स्थिति में 1930 हेल्पलाइन नंबर अथवा सायबर क्राइम पोर्टल पर तत्काल शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को कानून के प्रति जागरूक, अनुशासित एवं जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया गया। विद्यालय के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों द्वारा इस जागरूकता कार्यक्रम की सराहना की गई।धमतरी पुलिस द्वारा भविष्य में भी इसी प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।

Recent Posts