सकरी में वन महोत्सव का भव्य आयोजन, ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से हरियाली संरक्षण का संदेश

बिलासपुर – तखतपुर विधानसभा क्षेत्र के सकरी स्थित वन चेतना परिसर में वन महोत्सव का भव्य आयोजन हुआ। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने पौधरोपण के साथ-साथ हरियाली और पर्यावरण संरक्षण पर जोर दिया। वहीं, उपमुख्यमंत्री ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का संदेश देते हुए पौधों की देखभाल की अपील की।

सकरी के वन चेतना परिसर में आयोजित वन महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में उपमुख्यमंत्री अरुण साव पहुंचे। उनके साथ तखतपुर विधायक धरमजीत सिंह, बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक, बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, कलेक्टर, एसएसपी, जिला पंचायत अध्यक्ष, महापौर, सीसीएफ, डीएफओ, स्कूली बच्चे और वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई, इसके बाद उपमुख्यमंत्री ने स्कूली बच्चों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि 1950 से वन महोत्सव का आयोजन लगातार हो रहा है और बारिश के मौसम में वृक्षारोपण का वृहद अभियान चलाया जाता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यह अब जन आंदोलन का रूप ले चुका है और हर व्यक्ति को लगाए गए पेड़ की देखभाल उसी तरह करनी चाहिए जैसे मां का ख्याल रखा जाता है।

वहीं, तखतपुर विधायक धरमजीत सिंह ने स्मृति वाटिका की बदहाली पर चिंता जताई और उसके संरक्षण की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि ध्यान न दिए जाने से यह क्षेत्र जहरीले जीव-जंतुओं का अड्डा बन गया है। बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने कोरोना काल का जिक्र करते हुए पौधों को सहेजने की अपील की। उन्होंने बताया कि अब सरकार 6 से 7 फीट ऊंचे पौधे लगा रही है, जिससे वे जल्दी फल-फूल दे सकें।

वन महोत्सव के इस आयोजन के साथ पौधरोपण का संदेश एक बार फिर जन-जन तक पहुंचा है। अब जिम्मेदारी है कि लगाए गए इन पौधों को संरक्षित कर आने वाली पीढ़ियों के लिए हरियाली को बनाए रखा जाए।

ब्यूरो रिपोर्ट

Recent Posts