
बरती कला। बलरामपुर जिले के बरती कला में एक किसान के परिवार पर उस वक्त दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, जब रात के समय शिवरतन देवांगन की धान की खरही में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने का कारण फिलहाल अज्ञात है।बताया जा रहा है कि शिवरतन देवांगन ने पूरे साल खेतों में दिन–रात मेहनत कर धान की फसल तैयार की थी। फसल की कटाई के बाद धान को घर के पास खरही में सुरक्षित रखा गया था, ताकि यही उपज परिवार की सालभर की जरूरतों का सहारा बन सके। लेकिन किस्मत का ऐसा कहर टूटा कि देखते ही देखते आग ने पूरी खरही को अपनी चपेट में ले लिया।जब परिवार के लोगों को आग लगने की जानकारी मिली, तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी। अपनी आंखों के सामने सालभर की मेहनत और उम्मीदों को जलता देखकर परिवार के लोगों का रो–रोकर बुरा हाल हो गया। ग्रामीणों ने भी आग बुझाने के लिए काफी मशक्कत की, लेकिन तब तक धान जलकर राख हो चुका था।सोचने वाली बात है कि एक किसान के लिए धान सिर्फ फसल नहीं, बल्कि उसके पूरे साल की मेहनत, परिवार की जरूरतों और भविष्य की उम्मीदों का आधार होता है। खेतों में पसीना बहाकर तैयार की गई उपज जब इस तरह आग की भेंट चढ़ जाती है, तो किसान के सामने दोबारा खड़े होने की चुनौती खड़ी हो जाती है।इस घटना ने एक बार फिर किसानों की मेहनत और उनकी फसल की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब जरूरत है कि संबंधित प्रशासन मौके का जायजा लेकर नुकसान का आकलन करे और पीड़ित किसान को नियमानुसार राहत एवं मुआवजा दिलाने की पहल करे।किसान की मेहनत की कीमत सिर्फ अनाज के दाम से नहीं आंकी जा सकती, क्योंकि उस अनाज के हर दाने में पूरे परिवार का पसीना और उम्मीदें जुड़ी होती हैं।







