सुपोषण अभियान, स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की हुई समीक्षाजिला पंचायत धमतरी की महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता विभाग की स्थायी समिति की बैठक 27 अक्टूबर 2026 को जिला पंचायत सभा कक्ष में माननीय सभापति श्रीमती मोनिका ऋषभ देवांगन की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों, संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति तथा जिले में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार से संबंधित विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।बैठक में महिला एवं बाल विकास विभाग, स्वास्थ्य विभाग, चिरायु, सीजीएमएससी, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, स्वच्छता विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, खाद्य एवं औषधि प्रशासन तथा आयुष विभाग के कार्यों की एजेंडा अनुसार समीक्षा की गई। सभापति ने संबंधित विभागों के कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने तथा विभागीय समन्वय के साथ कार्यों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
बैठक में महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत संचालित सुपोषण अभियान, आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की गई। जिले में कुपोषण मुक्ति की दिशा में किए जा रहे प्रयासों, बच्चों के पोषण स्तर में सुधार तथा जरूरतमंद परिवारों को योजनाओं से लाभान्वित करने के विषय पर चर्चा हुई।बैठक में ऐसे बच्चों के लिए शासन द्वारा संचालित सहायता योजना की जानकारी दी गई, जिनके माता-पिता नहीं हैं अथवा जिनके पिता नहीं हैं और माता कार्य करने में सक्षम नहीं हैं। ऐसे बच्चों को शासन की योजना के तहत प्रतिमाह 4,000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। जानकारी के अनुसार, जिले में कुल 52 बच्चों को इस योजना के अंतर्गत सहायता राशि प्रदान की गई है। इस पहल का उद्देश्य जरूरतमंद बच्चों की देखभाल, संरक्षण एवं बेहतर जीवनयापन में सहयोग प्रदान करना है।इसके साथ ही जिले में नवीन आंगनबाड़ी भवनों के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया है, जिन आंगनबाड़ी भवनों को मरम्मत की आवश्यकता है, उनके लिए प्राप्त राशि को जिला पंचायत में प्रेषित किए जाने के विषय पर भी चर्चा की गई। सभापति श्रीमती मोनिका देवांगन ने आंगनबाड़ी केंद्रों में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा बच्चों को पोषण, स्वास्थ्य एवं प्रारंभिक देखभाल संबंधी बेहतर सेवाएं प्रदान करने की दिशा में आवश्यक पहल करने पर जोर दिया।कन्या विवाह योजना, सुकन्या समृद्धि योजना एवं महतारी वंदन योजना के क्रियान्वयन की भी समीक्षा की गई। संबंधित योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचाने तथा योजनाओं की प्रगति पर नियमित निगरानी रखने के संबंध में चर्चा की गई स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान जिले में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच तथा नवीन स्वास्थ्य संस्थानों के भवन निर्माण से संबंधित प्रस्तावों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। सभापति ने स्वास्थ्य सेवाओं को आम नागरिकों के लिए अधिक सुलभ एवं प्रभावी बनाने की आवश्यकता पर बल दिया।बैठक में जानकारी दी गई कि पूर्व में भेजे गए प्रस्तावों में से जिले के चार उपस्वास्थ्य केंद्रों के नवीन भवन निर्माण के लिए स्वीकृति प्राप्त हुई है। इनमें छाती, सियारी नाला एवं कचना, मोहेरा के कुल चार उपस्वास्थ्य केंद्रों के भवन शामिल हैं। इन भवनों के निर्माण से संबंधित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार तथा आम नागरिकों को स्थानीय स्तर पर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।इसके अतिरिक्त अछोटा डोमा क्षेत्र में उस्वास्थ्य केंद्र का नवीन भवन तथा ग्राम दोनर में नवीन स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना के लिए शासन को प्रस्ताव भेजे जाने की जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त ग्राम अछोटा में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए भी प्रस्ताव प्रेषित किया गया है। इन प्रस्तावों पर आगामी समय में स्वीकृति प्राप्त होने की संभावना व्यक्त की गई।स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं, चिरायु कार्यक्रम तथा स्वास्थ्य सेवाओं की प्रगति पर भी चर्चा की गई। जिले में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, कुपोषण की रोकथाम, टीबी उन्मूलन तथा अन्य स्वास्थ्य संबंधी कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने की आवश्यकता पर जोर दिया गया।लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग तथा स्वच्छता विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए पेयजल एवं स्वच्छता से संबंधित व्यवस्थाओं की प्रगति पर चर्चा की गई। नागरिकों को आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा विभागीय स्तर पर सामने आने वाली कमियों को दूर करने के लिए आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया गया।आयुष विभाग के कार्यों की भी समीक्षा की गई। बैठक में विभागीय योजनाओं एवं सेवाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा आम नागरिकों तक स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं का लाभ पहुंचाने के विषय पर चर्चा हुई।इसके साथ ही खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागीय गतिविधियों एवं योजनाओं की प्रगति पर विचार-विमर्श किया गया। सभापति श्रीमती मोनिका ऋषभ देवांगन ने संबंधित विभागों को योजनाओं के क्रियान्वयन में सामने आने वाली कमियों को दूर करने, पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ उपलब्ध कराने तथा विकास कार्यों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ जरूरतमंद लोगों तक पहुंचना चाहिए। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करें।बैठक में समिति के जिला पंचायत सदस्य धनेश्वरी भूमेश साहू मीना डेमू साहू महिला एवं बाल विकास विभाग जिला अधिकारी मरकाम मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. ए.के. टोंडर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी से आशा लता गुप्ता आयुष विभाग से आयुष विभाग से डा.कृपाराम ठाकुर सहित सभी विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे






