गांधी जयंती के अवसर पर कंडेल महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई द्वारा गांधी उद्यान एवं सरोवर परिसर में मेगा स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में NSS के 70 से अधिक स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर परिसर की साफ-सफाई की और श्रमदान के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया।इस दौरान स्वयंसेवकों ने गांधी उद्यान एवं सरोवर परिसर से कचरा एकत्र कर स्वच्छता बनाए रखने के लिए लोगों को जागरूक किया। अभियान के माध्यम से सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने तथा स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया।महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. रविश दास ने कहा कि महात्मा गांधी ने स्वच्छता को स्वस्थ और सशक्त समाज की बुनियाद माना था। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान न होकर निरंतर चलने वाली सामाजिक जिम्मेदारी है। युवाओं की इसमें महत्वपूर्ण भूमिका है और NSS के स्वयंसेवकों द्वारा किया गया श्रमदान समाज को सकारात्मक संदेश देता है।कार्यक्रम अधिकारी पितांबर सिन्हा ने कहा कि NSS विद्यार्थियों में सेवा अनुशासन और सामाजिक दायित्व की भावना विकसित करने का माध्यम है। गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित स्वच्छता अभियान के जरिए स्वयंसेवकों ने गांधीजी के स्वच्छता और सेवा के विचारों को व्यवहार में उतारने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।अभियान के दौरान NSS स्वयंसेवकों ने स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने और अपने आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने का संकल्प भी लिया।उक्त अभियान में महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापक लक्ष्मीनारायण सिन्हा लक्ष्मण सेन कमलेश दीवान एवं नूतन दीवान सहित अतिथि व्याख्याता डॉ. ऋचा शुक्ला, डॉ. संगीता गोयल,सविता लहरे दीक्षा सोम टीकेन्द्र वर्मा मनुनारायण सारथी, रुचि ग्वाल एवं सुरेन्द्र उपस्थित रहे।कार्यक्रम के अंत में सहायक प्राध्यापक संजय पवार द्वारा आभार व्यक्त किया गया।







