वार्षिक श्राद्ध (बरसी) में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा ज्ञानयज्ञ में शामिल हुईं रंजना साहू, श्रीवास्तव परिवार से की आत्मीय मुलाकात

धमतरी- बाबू छोटेलाल श्रीवास्तव चौक, ब्राम्हणपारा धमतरी में श्रीवास्तव परिवार द्वारा श्रद्धेय स्व. कमलनारायण श्रीवास्तव जी के वार्षिक श्राद्ध (बरसी) के अवसर पर श्रीमद्भागवत कथा ज्ञानयज्ञ का आयोजन किया गया। इस धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजन के वार्षिक श्राद्ध (बरसी) में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं धमतरी पूर्व विधायक रंजना डीपेन्द्र साहू शामिल हुईं। इस अवसर पर रंजना डीपेन्द्र साहू ने श्रद्धेय स्व. कमलनारायण श्रीवास्तव जी को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए पुष्प अर्पित कर उनके परिवारजनों से आत्मीय मुलाकात की। उन्होंने परिवार के सदस्यों से भेंट कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि जीवन को संस्कार, सदाचार, भक्ति और सकारात्मक विचारों से जोड़ने का माध्यम है। इस अवसर पर श्रीमती रंजना साहू ने भगवताचार्य महाराज जी का वंदन कर आशीर्वाद प्राप्त किया तथा कथा श्रवण किया। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं और श्रीमद्भागवत के संदेशों में मानव जीवन को सही दिशा प्रदान करने की प्रेरणा निहित है। ऐसे आयोजन समाज में आध्यात्मिक चेतना के साथ-साथ आपसी प्रेम, सद्भाव और पारिवारिक संस्कारों को मजबूत करने का कार्य करते हैं। उन्होंने श्रीवास्तव परिवार द्वारा श्रद्धेय स्व. कमलनारायण श्रीवास्तव  की स्मृति में आयोजित इस धार्मिक आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि अपने पूर्वजों का स्मरण और उनके प्रति श्रद्धा व्यक्त करना हमारी भारतीय संस्कृति और पारिवारिक परंपराओं का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इस अवसर पर वार्ड पार्षद कोमल सार्वा, डाली सोनी, यश साहू, मोती कुम्भकार सहित श्रीवास्तव परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।

Recent Posts