मुजगहन-पोट्याडीह- आमदी फोरलेन के लिए 32 करोड़ की स्वीकृति, छत्रपति शिवाजी चौक-मुजगहन मार्ग को पहले ही मिल चुकी मंजूरी

छत्रपति शिवाजी चौक से आमदी तक 95 करोड़ में बनेगा फोर लेन

महापौर रामू रोहरा ने कहा सड़क कनेक्टिविटी विकास की पहली जरूरत

धमतरी। धमतरी शहर और विधानसभा क्षेत्र में सड़क अधोसंरचना को नई गति मिल रही है। शहर को चारों दिशाओं से बेहतर सड़क कनेक्टिविटी देने की दिशा में फोरलेन परियोजनाओं की कड़ी लगातार मजबूत हो रही है। मुजगहन से आमदी तक फोरलेन सड़क 3.5 km निर्माण के लिए करीब 32 करोड़ रुपए की स्वीकृति आई है। वहीं छत्रपति शिवाजी चौक से मुजगहन तक और आमदी फोरलेन सड़क को पहले ही स्वीकृति मिल चुकी है। अब 95 करोड़ की लागत से छत्रपति शिवाजी चौक से आमदी तक फोर लेन सड़क बनेगी।इसके साथ ही अंबेडकर चौक से रुद्री तक फोरलेन तथा रुद्री-गंगरेल मार्ग के चौड़ीकरण जैसी परियोजनाओं को भी मंजूरी मिल चुकी है। सिहावा रोड से नहर नाका चौक तक फोरलेन और अन्य प्रमुख मार्गों के चौड़ीकरण की योजनाएं भी धमतरी की सड़क कनेक्टिविटी को व्यापक रूप से बदलने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं।महापौर रामू रोहरा ने कहा कि धमतरी को केवल शहर के भीतर ही नहीं, बल्कि चारों दिशाओं से बेहतर और सुगम कनेक्टिविटी देने का लक्ष्य है। प्रमुख मार्गों को फोरलेन में विकसित करने से यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने, आवागमन को सुगम बनाने और शहर के आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर सड़क सुविधा से जोड़ने में मदद मिलेगी।उन्होंने कहा कि मुजगहन से आमदी तक फोरलेन सड़क का निर्माण क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही जरूरत को पूरा करने वाला महत्वपूर्ण कार्य होगा। छत्रपति शिवाजी चौक से मुजगहन तक फोरलेन की स्वीकृति और आगे मुजगहन से आमदी तक सड़क के विस्तार से यह पूरा कॉरिडोर भविष्य में अधिक सुगम और व्यवस्थित आवागमन का माध्यम बन सकता है।महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा, मंत्री ओ.पी. चौधरी और सांसद रूपकुमारी चौधरी के सहयोग से धमतरी क्षेत्र में लगातार बड़ी विकास परियोजनाओं को गति मिल रही है।उन्होंने कहा कि फोरलेन कनेक्टिविटी से बदल सकता है धमतरी का स्वरूप धमतरी से जुड़े प्रमुख मार्गों के चौड़ीकरण और फोरलेन निर्माण की परियोजनाएं पूरी होने पर शहर के प्रवेश मार्गों पर यातायात दबाव कम करने, आवागमन को सुगम बनाने और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से शहर की कनेक्टिविटी मजबूत करने में मदद मिल सकती है। सड़क अधोसंरचना के विस्तार के साथ व्यापार, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को भी बेहतर कनेक्टिविटी मिलने की संभावना है।महापौर रामू रोहरा ने कहा कि उनका प्रयास है कि धमतरी को आधुनिक, सुगम और व्यवस्थित शहर के रूप में विकसित किया जाए और विकास की यह रफ्तार आगे भी जारी रहे।

 

 

Recent Posts