धमतरी/ सेवा संकल्प अभियान एवं विकसित भारत की संकल्पना को लेकर विद्यार्थियों में रचनात्मकता, जागरूकता एवं देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के उद्देश्य से गोकुलपुर स्कूल में भाषण, निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष नेहरू निषाद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर निगम सभापति कौशिल्या देवांगन ने की। इस अवसर पर विजय साहू, विकासखंड शिक्षा अधिकारी लीलाधर चौधरी, शाला विकास समिति के अध्यक्ष राम यादव तथा प्राचार्य शैलजा पांडेय,महेश साहू सहित शिक्षकगण,शाला परिवार एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के छायाचित्र पर विधिवत पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया।इसके पश्चात विद्यार्थियों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने विकसित भारत, राष्ट्र निर्माण, शिक्षा, स्वच्छता पर्यावरण संरक्षण तथा देश के विकास में युवाओं की भूमिका जैसे विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। वहीं निबंध प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपने विचारों को शब्दों के माध्यम से अभिव्यक्त किया।चित्रकला प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने अपनी कल्पनाशीलता और कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए विकसित भारत की परिकल्पना, स्वच्छ एवं सुंदर भारत, पर्यावरण संरक्षण तथा राष्ट्र की प्रगति से जुड़े विषयों पर आकर्षक चित्र बनाए। विद्यार्थियों की रचनात्मकता और उत्साह ने कार्यक्रम को विशेष रूप से जीवंत बना दिया।अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं बच्चों के भीतर छिपी प्रतिभा को सामने लाने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास, रचनात्मक सोच और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करती हैं। विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ सामाजिक सरोकारों और राष्ट्र निर्माण के कार्यों से जुड़कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लिया। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को विकसित भारत के लक्ष्य से जोड़ते हुए उन्हें देश के उज्ज्वल भविष्य के लिए अपनी भूमिका निभाने हेतु प्रेरित करना रहा।






