धमतरी। धर्म स्वतंत्रता अधिनियम 2026 के पारित एवं लागू होने के बाद धमतरी में धर्मांतरण एवं उससे संबंधित गतिविधियों को लेकर हिंदू जागरण मंच द्वारा लगातार अपनी आपत्तियां एवं मांगें प्रशासन के समक्ष रखी जा रही थीं। इसी क्रम में बुधवार को जिला प्रशासन के निर्देश पर अपर कलेक्टर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं अनुविभागीय अधिकारी की उपस्थिति में क्रिश्चियन फोरम एवं हिंदू जागरण मंच के प्रतिनिधियों की संयुक्त शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।बैठक में दोनों पक्षों ने शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में अपनी-अपनी बातें रखीं। चर्चा के दौरान विभिन्न बिंदुओं पर सहमति बनी तथा संबंधित नियमों के पालन को लेकर प्रशासन की ओर से आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।हिंदू जागरण मंच के प्रांत युवा आयाम प्रमुख दीपक सिंह ठाकुर ने कहा कि जो व्यक्ति एक साथ हिंदू और ईसाई दोनों धर्मों का अनुयायी होने का दावा करते हैं, उनके संबंध में स्थिति स्पष्ट होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति ईसाई धर्म को अपनाना चाहता है तो उसे लागू कानून में निर्धारित प्रक्रिया एवं नियमों का पालन करते हुए धर्म परिवर्तन करना चाहिए।जिला संयोजक पुरुषोत्तम निषाद ने हिंदू समाज की चिंताओं को बैठक में रखते हुए वर्ष 2024 में हुई दो आत्महत्या की घटनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने आरोप लगाया कि इन घटनाओं में धर्म परिवर्तन को लेकर दबाव और मानसिक तनाव की स्थिति सामने आई थी। उन्होंने कहा कि धर्म परिवर्तन का विषय केवल व्यक्ति तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे परिवार एवं सांस्कृतिक परंपराओं पर भी प्रभाव पड़ रहा है।जिला सहसंयोजक चित्रेश साहू ने छत्तीसगढ़ राजपत्र में उल्लेखित धर्म स्वतंत्रता कानून की विभिन्न धाराओं का संदर्भ देते हुए कहा कि धर्म परिवर्तन अथवा किसी अन्य धर्म की धार्मिक गतिविधियों में भाग लेने से संबंधित प्रावधानों का पालन किया जाना आवश्यक है। उन्होंने बैठक में कानून में निर्धारित सूचना एवं आवेदन की प्रक्रिया तथा उसके उल्लंघन पर दंड संबंधी प्रावधानों का उल्लेख किया और प्रशासन से इन नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने की मांग की।हिंदू जागरण मंच के सहसंयोजक डाकेश्वर साहू ने कहा कि जो व्यक्ति ईसाई धर्म का पालन करना चाहता है, उसे कानून में निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार धर्म परिवर्तन करना चाहिए। उन्होंने बाइबल की पढ़ाई कराने वाली संस्थाओं में भी लागू नियमों के अनुरूप व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने की मांग रखी।बैठक में दोनों पक्षों के बीच विस्तृत चर्चा हुई। हिंदू जागरण मंच द्वारा उठाए गए विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा के बाद क्रिश्चियन फोरम के प्रतिनिधि डायमंड फिलिप्स एवं पीटर ने बताया कि उनके अधीन संचालित लगभग 30 प्रार्थना सभाओं में आगे से केवल ईसाई समुदाय के लोगों के शामिल होने की व्यवस्था रखी जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी अन्य समुदाय का व्यक्ति ईसाई धर्म अपनाना चाहता है, तो उसे निर्धारित विधिक प्रक्रिया के बाद ही संबंधित धार्मिक सभा में शामिल किया जाएगा।बैठक में प्रशासन की ओर से अपर कलेक्टर एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने संबंधित नियमों के पालन को सुनिश्चित करने तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया। बैठक में हिंदू जागरण मंच की ओर से प्रांत युवा आयाम प्रमुख दीपक सिंह ठाकुर, जिला संयोजक पुरुषोत्तम निषाद, जिला सहसंयोजक चित्रेश साहू, डाकेश्वर साहू, सनत साहू, आदित्य साहू, कुलदीप, पुषाक, हितेश एवं महिला आयाम से गोदावरी दीदी सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।






