पुरानी रंजिश में दोस्त ने ही हेलमेट से सिर पर वार कर की थी हत्या,परिस्थितिजन्य साक्ष्य एवं CCTV फुटेज से हुआ अपराध का खुलासा उत्कृष्ट एवं प्रभावी विवेचना के लिए तत्कालीन विवेचना अधिकारी को एसपी धमतरी द्वारा किया जाएगा पुरस्कृत मामले का संक्षिप्त विवरण-दिनांक 03 दिसंबर 2024 को थाना सिहावा में बीरेंद्र देवांगन पिता गिरधारी लाल देवांगन, उम्र 55 वर्ष, निवासी पदमपुर के गुम होने की रिपोर्ट दर्ज हुई थी। इसी दिन मानव वन के आगे गंगरेल रोड किनारे एक लावारिस मोटरसाइकिल खड़ी होने की सूचना पर थाना रूद्री पुलिस मौके पर पहुंची। वाहन की पहचान एवं पतासाजी करने पर उक्त मोटरसाइकिल गुमशुदा बीरेंद्र देवांगन की होना पाया गया।गुमशुदा व्यक्ति की तलाश के दौरान दिनांक 06 दिसंबर 2024 को मानव वन एवं शिवा रिसॉर्ट के मध्य एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ, जिसकी पहचान बीरेंद्र देवांगन के रूप में हुई। शव पंचनामा एवं पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर हत्या की आशंका होने पर थाना रूद्री पुलिस एवं साइबर टीम द्वारा तकनीकी साक्ष्य, CCTV फुटेज एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर लगातार जांच की गई।जांच के दौरान आरोपी खुशवंत उर्फ खूबू साहू, उम्र 37 वर्ष, निवासी धनोरा, जिला दुर्ग को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। विवेचना में सामने आए साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की संलिप्तता स्थापित हुई तथा प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर प्रकरण न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।न्यायालय का फैसला-प्रकरण सत्र प्रकरण क्रमांक 20/2025 (थाना सिविल लाइन रूद्री अपराध क्रमांक 76/2024) में माननीय अपर सत्र न्यायाधीश/द्वितीय अतिरिक्त न्यायाधीश, धमतरी द्वारा दिनांक 27 अगस्त 2026 को फैसला सुनाया गया।माननीय न्यायालय ने परिस्थितिजन्य साक्ष्य, CCTV फुटेज एवं गवाहों के बयानों के आधार पर आरोपी खुशवंत उर्फ खूबू साहू को हत्या का दोषी ठहराते हुए भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 103(1) के तहत आजीवन सश्रम कारावास एवं 500 के अर्थदंड से दंडित किया। अर्थदंड अदा नहीं करने पर 06 माह का अतिरिक्त सश्रम कारावास भुगतना होगा।मान.न्यायालय द्वारा दोषसिद्ध आरोपी का विवरण खुशवंत उर्फ खूबू साहू, पिता खुमान सिंह साहू, उम्र 37 वर्ष, निवासी गौरा चौक, कर्मा मंदिर के पास, धनोरा, थाना पद्मनाभपुर, जिला दुर्ग (छ.ग.)।धमतरी पुलिस की प्रभावी विवेचना, तकनीकी साक्ष्यों के उपयोग एवं ठोस साक्ष्य संकलन के परिणामस्वरूप हत्या के गंभीर मामले में आरोपी को न्यायालय से कठोर दंड दिलाने में सफलता प्राप्त हुई। उत्कृष्ट विवेचना के लिए तत्कालीन विवेचना अधिकारी थाना प्रभारी रूद्री उनि.अमित बघेल,उनि.लक्ष्मीकांत शुक्ला,सउनि.घनश्याम वर्मा को पुलिस अधीक्षक धमतरी भावना पांडेय द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा।






