

धमतरी/ शहर के युवाओं को आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में धमतरी ने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। जालमपुर वार्ड में नवनिर्मित दूसरे बॉक्स क्रिकेट मैदान का शुभारंभ आज रविवार को छत्तीसगढ़ शासन के वित्त, वाणिज्यिक कर, आवास एवं पर्यावरण तथा योजना एवं आर्थिक एवं सांख्यिकी मंत्री ओपी चौधरी ने फीता काटकर किया। पहला बॉक्स क्रिकेट धमतरी के एक लव्य खेल मैदान में निर्मित हुआ है ।इस अवसर पर उन्होंने मैदान की पिच पर स्वयं बल्ला थामकर बल्लेबाजी की और आकर्षक शॉट लगाकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। मैदान में मौजूद खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका स्वागत किया। बालिंग का भार महापौर नगर निगम ने संभाला । उन्होंने बॉलिंग की । बाद में महापौर ने भी बल्ला थाम कर आकर्षक शाट लगाए ।शुभारंभ समारोह में लोकसभा सांसद रूपकुमारी चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा महापौर रामू रोहरा, जनप्रतिनिधिगण, पार्षद, खेल प्रेमी, अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।इस अवसर पर मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि किसी भी शहर की पहचान केवल भवनों, सड़कों और अधोसंरचना से नहीं होती, बल्कि वहां उपलब्ध खेल, संस्कृति और युवा विकास की सुविधाएं भी उसकी प्रगति का महत्वपूर्ण आधार होती हैं। उन्होंने कहा कि आज का युवा यदि खेल मैदान से जुड़ता है तो वह अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और स्वस्थ जीवनशैली जैसे गुण भी विकसित करता है। नया बॉक्स क्रिकेट मैदान स्थानीय खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास, प्रतियोगिताओं में भागीदारी और अपनी प्रतिभा को निखारने का बेहतर अवसर प्रदान करेगा।उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए खेल अधोसंरचना के विस्तार पर विशेष ध्यान दे रही है, ताकि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को स्थानीय स्तर पर ही गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। इससे प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का बेहतर मंच मिलेगा।कार्यक्रम के दौरान मंत्री चौधरी का खेलों के प्रति उत्साह भी देखने को मिला। उन्होंने खिलाड़ियों के साथ कुछ समय मैदान में बिताया, बल्लेबाजी की और युवाओं से खेलों को अपने जीवन का नियमित हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उनके बल्लेबाजी करते ही पूरा मैदान उत्साह और रोमांच से गूंज उठा।कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि जिले में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए जिला प्रशासन और नगर निगम संयुक्त रूप से लगातार कार्य कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि युवाओं को आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चरणबद्ध तरीके से विभिन्न खेल अधोसंरचनाओं का विकास किया जा रहा है। आने वाले समय में वॉलीबॉल, बैडमिंटन सहित अन्य खेलों के लिए भी बेहतर सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिससे जिले के खिलाड़ियों को अभ्यास, प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं के लिए अनुकूल वातावरण प्राप्त होगा।उन्होंने कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता का माध्यम नहीं, बल्कि स्वस्थ समाज के निर्माण का सशक्त आधार हैं। ऐसे खेल परिसरों के विकसित होने से युवाओं में सकारात्मक ऊर्जा, अनुशासन और फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ेगी तथा धमतरी की खेल प्रतिभाओं को नई पहचान और नई उड़ान मिलेगी। उद्घाटन के साथ ही यह नया बॉक्स क्रिकेट मैदान जिले के खिलाड़ियों और नागरिकों को समर्पित कर दिया गया।






