“दल्ली राजहरा के विकास पर राजनीति न करे कांग्रेस : सौरभ लुनिया”

कांग्रेस विकास नहीं, भ्रम फैलाने की राजनीति कर रही है : सौरभ लुनिया

दल्ली राजहरा। दल्ली राजहरा नगर पालिका में संचालित विकास कार्यों को लेकर कांग्रेस द्वारा लगाए जा रहे राजनीतिक भेदभाव के आरोपों को भाजपा जिला महामंत्री सौरभ लुनिया ने निराधार और तथ्यहीन बताया है। उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य नगर के प्रत्येक वार्ड का समान, संतुलित और पारदर्शी विकास करना है तथा विकास कार्यों में किसी भी प्रकार का राजनीतिक भेदभाव नहीं किया जाता।


जारी प्रेस विज्ञप्ति में सौरभ लुनिया ने कहा कि नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा स्वीकृत सभी कार्य शासन के नियमों, तकनीकी मानकों और स्थानीय आवश्यकताओं के आधार पर किए जाते हैं। नगर पालिका द्वारा वार्डों की जरूरतों के अनुसार सड़क, सीसी रोड, नाली, पेयजल, स्ट्रीट लाइट तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं के विकास कार्य कराए जा रहे हैं। जिन वार्डों में वर्तमान चरण में कार्य स्वीकृत हुए हैं, उनके अलावा अन्य वार्डों के प्रस्ताव भी शासन को भेजे जा चुके हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में दल्ली राजहरा को कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की सौगात मिली है। लगभग पांच करोड़ रुपये की लागत से इंडोर खेल स्टेडियम, बैडमिंटन कोर्ट, वर्षों से लंबित जलावर्धन योजना को मंजूरी सहित विभिन्न अधोसंरचना परियोजनाओं को गति दी गई है। साथ ही 15वें वित्त आयोग एवं अन्य मदों के तहत वार्डों की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्य कराए जा रहे हैं।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए लुनिया ने कहा कि जिन नेताओं के पास जनता के बीच रखने के लिए कोई सकारात्मक मुद्दा नहीं बचा है, वे विकास कार्यों पर भी अनावश्यक विवाद खड़ा कर रहे हैं। यदि किसी वार्ड में अतिरिक्त विकास कार्यों की आवश्यकता है तो उसका समाधान प्रशासनिक प्रक्रिया के माध्यम से किया जाएगा, न कि निराधार आरोप लगाकर।
उन्होंने पूर्व कांग्रेस सरकार और पूर्व मंत्री एवं वर्तमान विधायक अनिला भेड़िया के कार्यकाल पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि उस समय दल्ली राजहरा को अपेक्षित विकास नहीं मिल पाया। नगर की कई मूलभूत समस्याएं वर्षों तक जस की तस बनी रहीं। वहीं, कांग्रेस शासित नगर पालिका परिषद पर भाजपा पार्षदों के वार्डों की उपेक्षा के आरोप भी लगते रहे।
सौरभ लुनिया ने कहा कि वर्तमान भाजपा नेतृत्व राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर नगरहित को प्राथमिकता दे रहा है। सड़क, नाली, पेयजल, स्वच्छता, विद्युत एवं अन्य नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस से विकास कार्यों में सकारात्मक सहयोग की अपील करते हुए कहा कि जनता अब विकास और सुशासन की राजनीति को समझ चुकी है तथा भाजपा मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में दल्ली राजहरा के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी।

Recent Posts