“पीएम मोदी ने बालोद रेलवे स्टेशन का किया लोकार्पण”

प्रधानमंत्री मोदी ने किया बालोद रेलवे स्टेशन का वर्चुअल लोकार्पण
6 करोड़ की लागत से हुआ कायाकल्प, यात्रियों को मिली आधुनिक सुविधाओं से लैस स्टेशन की सौगात


बालोद, :—-प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को पंजाब के जालंधर छावनी से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देशभर के 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का वर्चुअल लोकार्पण किया। इनमें छत्तीसगढ़ के सरोना, चांपा और बालोद रेलवे स्टेशन भी शामिल हैं। लगभग 6 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक स्वरूप में विकसित बालोद रेलवे स्टेशन अब यात्रियों को बेहतर और विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।
बालोद रेलवे स्टेशन परिसर में आयोजित लोकार्पण समारोह में कांकेर लोकसभा सांसद श्री भोजराज नाग, राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग के पूर्व सदस्य श्री यशवंत जैन, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती तारणी पुष्पेन्द्र चंद्राकर, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रतिभा चौधरी, उपाध्यक्ष श्री कमलेश सोनी, पूर्व विधायक श्री प्रीतम साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि, कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक श्री किरण गंगाराम चव्हाण, अपर कलेक्टर श्री चंद्रकांत कौशिक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका ठाकुर, रायपुर रेल मंडल के अपर मंडल प्रबंधक श्री बजरंग लाल अग्रवाल, रेलवे एवं जिला प्रशासन के अधिकारी, स्कूली विद्यार्थी तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।


सांसद भोजराज नाग बोले – बालोद के लिए ऐतिहासिक दिन
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद श्री भोजराज नाग ने कहा कि बालोद रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास जिले के लिए ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित स्टेशन यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराएंगे। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद भारतीय रेलवे में व्यापक परिवर्तन हुआ है और यह विकसित भारत-2047 के लक्ष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
श्री नाग ने बताया कि रावघाट तक रेल लाइन का कार्य पूरा हो चुका है तथा जल्द ही जगदलपुर तक रेल लाइन विस्तार का कार्य भी पूर्ण होगा, जिससे बस्तर अंचल के विकास को नई गति मिलेगी।


यशवंत जैन ने प्रधानमंत्री और रेल मंत्री का जताया आभार
राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग के पूर्व सदस्य श्री यशवंत जैन ने कहा कि बालोद जैसे छोटे रेलवे स्टेशन को भव्य एवं आधुनिक स्वरूप प्रदान करना जिले के लिए बड़ी उपलब्धि है। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी तथा केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की दूरदर्शी सोच से रेलवे का व्यापक आधुनिकीकरण और विद्युतीकरण हुआ है तथा आज पुनर्विकसित रेलवे स्टेशन बदलते भारत की पहचान बन चुके हैं।
श्री जैन ने इस अवसर पर बालोदवासियों को पाररास रेलवे ओवरब्रिज की स्वीकृति मिलने की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि इसका निर्माण कार्य शीघ्र शुरू होगा और लगभग एक वर्ष में शहरवासियों को इसका लाभ मिलेगा।

प्रतिभा चौधरी ने बताया बड़ी सौगात

नगर पालिका परिषद बालोद की अध्यक्ष श्रीमती प्रतिभा चौधरी ने कहा कि बालोद रेलवे स्टेशन का आधुनिक स्वरूप जिले के विकास में नई भूमिका निभाएगा। उन्होंने इस सौगात के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं केंद्र सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।

रेलवे ने बताई योजना की विशेषताएं
रायपुर रेल मंडल के अपर मंडल प्रबंधक श्री बजरंग लाल अग्रवाल ने स्वागत भाषण देते हुए अमृत भारत स्टेशन योजना के उद्देश्य एवं भारतीय रेलवे के आधुनिकीकरण की जानकारी दी।
विद्यार्थियों का सम्मान, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
समारोह में रेलवे द्वारा आयोजित पेंटिंग एवं निबंध प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। स्कूली विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। अतिथियों ने पुनर्विकसित बालोद रेलवे स्टेशन का विधिवत लोकार्पण भी किया।


आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित हुआ बालोद स्टेशन
अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत बालोद रेलवे स्टेशन का लगभग 6 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिकीकरण किया गया है। स्टेशन पर आधुनिक भवन, विस्तृत सर्कुलेटिंग एरिया, नया प्रवेश क्षेत्र, सुव्यवस्थित प्रवेश एवं निकास द्वार, आधुनिक फुटओवर ब्रिज, चार नए प्लेटफॉर्म शेल्टर, दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएं, डिजिटल यात्री सूचना प्रणाली, समर्पित पार्किंग, ऊर्जा दक्ष एलईडी प्रकाश व्यवस्था तथा छत्तीसगढ़ की लोककला को दर्शाते आकर्षक भित्ति चित्र विकसित किए गए हैं।
औद्योगिक विकास से जुड़ा है बालोद स्टेशन का इतिहास
बालोद रेलवे स्टेशन का इतिहास भिलाई इस्पात संयंत्र और दल्लीराजहरा की लौह अयस्क खदानों से जुड़ा है। वर्ष 1955 में भिलाई स्टील प्लांट की स्थापना के बाद दल्लीराजहरा-भिलाई रेल लाइन का निर्माण हुआ और उसी दौरान बालोद स्टेशन महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशन के रूप में विकसित हुआ। आज भी यह क्षेत्र की अर्थव्यवस्था और औद्योगिक परिवहन की प्रमुख कड़ी बना हुआ है।
क्षेत्रीय विकास को मिलेगी नई गति
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत रेलवे स्टेशनों को केवल यात्री सुविधाओं तक सीमित न रखकर स्थानीय संस्कृति, पर्यटन, व्यापार और आर्थिक गतिविधियों के केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। बालोद रेलवे स्टेशन का आधुनिकीकरण भी इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Recent Posts