
सड़क सुरक्षा अभियान के तहत 26,500/- रुपये की चालानी कार्यवाही – परमिट निरस्तीकरण एवं ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन की भी होगी कार्यवाही सुरक्षित यातायात, सुरक्षित जीवन के संकल्प के साथ धमतरी पुलिस चला रही व्यापक जनजागरूकता अभियान पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देशन में जिले में सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने एवं यातायात व्यवस्था को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने हेतु धमतरी पुलिस द्वारा लगातार व्यापक यातायात जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के माध्यम से आम नागरिकों, वाहन चालकों, युवाओं एवं ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को यातायात नियमों के पालन, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने तथा सड़क सुरक्षा के प्रति निरंतर जागरूक किया जा रहा है।साथ ही शराब सेवन कर वाहन चलाने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध भी लगातार सख्त कार्यवाही की जा रही है। यातायात पुलिस द्वारा एल्कोमीटर के माध्यम से वाहन चालकों की जांच कर शराब पीकर वाहन चलाते पाए जाने पर उनके वाहनों को जप्त कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है तथा नियमानुसार जुर्माना वसूला जा रहा है।इसी क्रम में यातायात दुर्घटनाओं में कमी लाने एवं मालवाहक वाहनों में अवैध रूप से सवारी ढोने जैसी खतरनाक एवं जानलेवा प्रवृत्तियों पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु यातायात पुलिस धमतरी द्वारा विशेष सघन चेकिंग अभियान संचालित किया गया। अभियान के दौरान परमिट शर्तों का उल्लंघन करते हुए मालवाहक पिकअप वाहनों में सवारियां परिवहन करते पाए जाने पर 05 पिकअप वाहन चालकों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत चालानी कार्यवाही की गई। कार्यवाही के दौरान प्रत्येक वाहन चालक से 5,300/- रुपये के हिसाब से कुल 26,500/- रुपये का जुर्माना वसूला गया। साथ ही वाहन चालकों को भविष्य में मालवाहक वाहनों में सवारी न ढोने की सख्त समझाइश दी गई एवं यातायात नियमों, सड़क सुरक्षा उपायों तथा दुर्घटना से बचाव संबंधी आवश्यक जानकारी देकर जागरूक किया गया।जिन वाहनों पर कार्यवाही की गई, उनके क्रमांक निम्नानुसार हैं -CG 04 CG 7550 – पिकअप CG 04 KV 0551 – पिकअप CG 04 CG 9693 – पिकअप CG 05 X 0113 – पिकअप CG 04 PG 9640 – पिकअप इसके अतिरिक्त नियमों का उल्लंघन करने वाले संबंधित वाहनों के परमिट निरस्त कराने एवं वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित कराने हेतु पृथक से वैधानिक कार्यवाही भी की जा रही है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही, अवैध परिवहन एवं सड़क दुर्घटनाओं की संभावनाओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।धमतरी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे स्वयं एवं अपने परिवार की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यातायात नियमों का पालन करें तथा मालवाहक वाहनों में यात्रा करने से बचें। थोड़ी सी असावधानी भी गंभीर सड़क दुर्घटना का कारण बन सकती है। सुरक्षित यातायात व्यवस्था केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।धमतरी पुलिस की अपील -यातायात नियमों का पालन करें, स्वयं सुरक्षित रहें एवं दूसरों की जिंदगी भी सुरक्षित बनाएं।






