आवारा कुत्तों की अनियंत्रित वृद्धि को रोकना तथा नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित देना हमारी प्राथमिकता:- अखिलेश सोनकर धमतरी/ सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप शहरी क्षेत्रों में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या एवं उनसे उत्पन्न डॉग बाइट जैसी समस्याओं के स्थायी समाधान हेतु नगर पालिक निगम धमतरी द्वारा एक सुनियोजित एवं प्रभावी अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी कड़ी में स्नेह एनिमल वेलफेयर एजेंसी के साथ 5 वर्षों का अनुबंध कर दानीटोला वार्ड स्थित टैचिंग ग्राउंड में कुत्तों के बधियाकरण (नसबंदी) का कार्य निरंतर एवं व्यवस्थित रूप से किया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य शहर में डॉग बाइट की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना, आवारा कुत्तों की अनियंत्रित वृद्धि को रोकना तथा नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। नगर निगम द्वारा इस कार्य में मानवीय दृष्टिकोण को प्राथमिकता दी जा रही है, जिसमें पशुओं के साथ संवेदनशील व्यवहार रखते हुए उनकी नसबंदी, टीकाकरण एवं आवश्यक देखभाल की जा रही है, ताकि उनकी आक्रामकता में कमी आए और वे समाज के लिए सुरक्षित बन सकें।स्वास्थ्य विभाग के अध्यक्ष निलेश लुनिया ने जानकारी देते हुए बताया कि यह अभियान पूरी तरह से सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संचालित हो रहा है और इसके सकारात्मक परिणाम भी धीरे-धीरे सामने आने लगे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन क्षेत्रों से कुत्तों को पकड़ा जाता है, नसबंदी एवं उपचार के बाद उन्हें उसी स्थान पर पुनः छोड़ा जाता है, जिससे क्षेत्रीय संतुलन बना रहे और बाहरी कुत्तों का प्रवेश न हो।अखिलेश सोनकर ने कहा कि नगर निगम द्वारा विशेष पशु पकड़ने वाली टीमों का गठन किया गया है, जो नियमित रूप से विभिन्न वार्डों में निगरानी रख रही हैं। इसके साथ ही, नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने एवं त्वरित समस्या समाधान के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। शहरवासियों से अपील की गई है कि वे इस जनहितकारी अभियान में सक्रिय सहयोग प्रदान करें तथा डॉग बाइट या आवारा कुत्तों से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तुरंत ‘निदान 1100’ पर सूचना दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।यह पहल न केवल शहर में जनसुरक्षा को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि पशु संरक्षण, संतुलित पारिस्थितिकी और मानवीय संवेदनाओं को भी मजबूती प्रदान करती है। धमतरी नगर निगम का यह प्रयास स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित शहर के निर्माण की दिशा में एक अनुकरणीय उदाहरण बन रहा है।






