
सदर रोड पर कब्जा मामले को लेकर जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी ने घेरा नपा
,,, वास्तविक चौड़ाई तक कब्जा हटाने की मांग पर अड़े रहे कार्यकर्ता
,,नगर पालिका ने दो टूक कहा दोनों निशान जिला प्रशासन का
,,, नगर पालिका व जिला प्रशासन के खिलाफ लगाए जमकर नारे
,,, अनेक नगरवासी भी पहुंचे थे घेराव देखने

बालोद :– सदर रोड पर अतिक्रमण को हटाने के मामले को लेकर शुक्रवार को जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी ने नगर पालिका का घेराव कर दिया। घेराव के पहले पार्टी कार्यकर्ताओं ने सरदार पटेल मैदान में बैठक रखी। वहां से नारे लगाते हुए रैली के रूप में नगर पालिका कार्यालय पहुंचे, हालांकि पुलिस ने नगर पालिका के मुख्य दरवाजे पर नाकेबंदी की थी लेकिन दूसरे दरवाजे से कार्यकर्ता पहुंच गए और कार्यालय के बाहर बैठकर जमकर नारेबाजी की। पालिका अध्यक्ष और सीएमओ को बयान देने बाहर बुलाने पर अड़े रहे। लगभग पौन घंटे बाद सीएमओ और नगर पालिका अध्यक्ष बाहर आए और उसके बाद सवाल जवाब का सिलसिला चला। एक तरफ प्रदर्शनकारियों ने सदर रोड पर कार्रवाई क्यों नहीं होने का सवाल उठाया तो दूसरी तरफ नगर पालिका अध्यक्ष ने स्पष्ट कहा कि जिला प्रशासन सीमा रेखा तय कर रहा है अतिक्रमण हटाने का काम भी जिला प्रशासन ही करेगा।
सदर रोड से कब्जा हटाने का मामला अब काफी तूल पकड़ चुका है। जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के द्वारा पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत आज नगर पालिका का घेराव कर जबरदस्त प्रदर्शन किया गया। खासियत यह भी रही कि नगर के अनेक लोग प्रदर्शन को देखने पहुंचे थे।
पुलिस की नाकेबंदी तोड़कर नगर पालिका के मुख्य दरवाजे के बाहर पहुंचकर प्रदर्शनकारी जमीन पर बैठ गए और सीएमओ व नगर पालिका अध्यक्ष को बुलाने की मांग करते रहे। नगर पालिका अध्यक्ष और सीएमओ से पूछा गया कि सदर बाजार से कब्जा हटाने की कार्रवाई पालिका क्यों नहीं कर रही।

इसके जवाब में पालिका अध्यक्ष प्रतिभा चौधरी ने बताया कि शहर में पहले भी अतिक्रमण हटाने का काम जिला प्रशासन ने किया है सदर बाजार में भी कब्जा हटाने का काम जिला प्रशासन का है। सड़क की सीमा रेखा को लेकर सवाल में पालिका अध्यक्ष ने बताया कि पहले लाल निशान भी जिला प्रशासन ने ही लगाया था और बाद में तीन मीटर का पीला निशान भी जिला प्रशासन के निर्देश पर ही लगाया गया है। इसमें नगर पालिका की कोई भूमिका नहीं है। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने वहां उपस्थित तहसीलदार से सवाल जवाब किया लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसके बाद ज्ञापन के रूप में अल्टीमेटम दिया कि सदर रोड से पूरी तरह लाल निशान तक अतिक्रमण हटना चाहिए, यदि आधी अधूरी कार्रवाई करने की कोशिश की गई तो अब की बार सदर का घेराव किया जाएगा।

बैठक कर कार्यकर्ताओं में भरा जोश
घेराव के पूर्व छत्तीसगढ़ जोहार पार्टी के द्वारा बैठक आयोजित की गई जिस पर विभिन्न चर्चाएं की गई जिसमें नाराजगी जताई गई कि सदर में लाल निशान को बदलकर पीले निशान लगाया गया। गरीबों के ऊपर कार्यवाही की लेकिन व्यापारियों के ऊपर नगर पालिका सहानुभूति दिखा रही है इसी पर नाराज जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी सरदार वल्लभभाई पटेल मैदान से घड़ी चौक होते हुए कचहरी चौक से पीडब्लूडी के पीछे दरवाजे से नगर पालिका में घुसे जहां पुलिस रोकने में असफल रही।






