“NH-930 पर जनप्रतिनिधि का धरना: बस स्टैंड जलभराव से भड़का जनाक्रोश”

बस स्टैंड जलभराव पर भड़का जनाक्रोश, NH-930 पर* *जनप्रतिनिधियों का धरना”*
*पुल निर्माण का मिला आश्वासन*

बालोद : जिला मुख्यालय स्थित बस स्टैंड में जलभराव की गंभीर समस्या को लेकर इतवार को नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रतिभा चौधरी एवं उपाध्यक्ष कमलेश सोनी के नेतृत्व में जनप्रतिनिधियों, भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय व्यापारियों ने नेशनल हाईवे-930 पर विरोध प्रदर्शन किया। तपती धूप में सड़क पर बैठकर किए गए इस धरने से हाईवे पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।


बताया गया कि बस स्टैंड से दुर्ग रोड की ओर स्थित पुराने पुल से पहले पानी की निकासी होती थी, लेकिन नेशनल हाईवे विभाग द्वारा उसी पुल के ऊपर सड़क निर्माण कर दिए जाने के बाद स्थिति बिगड़ गई। भारी वाहनों की आवाजाही से पुल क्षतिग्रस्त हो गया और उसकी जगह डाले गए पाइप कचरा व मिट्टी से जाम हो गए। इसके चलते नाली का गन्दा पानी निकलने के बजाय बस स्टैंड परिसर में ही भरने लगा, जिससे पूरा क्षेत्र तालाब में तब्दील हो जाता है।


नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिभा चौधरी ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार एनएच विभाग के अधिकारियों से चर्चा की गई, लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं निकला। रविवार सुबह भी बातचीत के प्रयास विफल रहने पर जनहित में धरने का निर्णय लिया गया।


धरना प्रदर्शन की सूचना मिलते ही प्रशासन और नेशनल हाईवे के अधिकारी मौके पर पहुंचे। प्रदर्शनकारियों की मांग को उचित मानते हुए अधिकारियों ने जाम पाइपों की जगह नए सिरे से बड़े पुल के निर्माण की प्रक्रिया शुरू करने का आश्वासन दिया। मौके पर ही कार्य प्रारंभ करने की कवायद के बाद प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया।


इस दौरान नगर पालिका उपाध्यक्ष कमलेश सोनी सहित भाजपा शहर मंडल अध्यक्ष अमित चोपड़ा, महामंत्री नरेंद्र सोनवानी, पार्षद गिरजेश गुप्ता, बंटी शर्मा, आशा पटेल, वैभव राखेचा, कमल बजाज, महेश पाठक, पिंटू सारथी, यूसुफ खान, जागेश्वर ढीमर, शरद गुप्ता, राजेश बाफना, लालू सेलवानी एवं बस स्टैंड के अनेक व्यापारी उपस्थित रहे। सभी ने एकजुट होकर समस्या के स्थायी समाधान की मांग उठाई।

Recent Posts