मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के जन्मदिन पर धमतरी में हुए विविध सेवा कार्यक्रम

धमतरी। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के जन्मदिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी धमतरी जिले में विभिन्न सेवा एवं धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने जनसेवा से जुड़े अनेक कार्यक्रम आयोजित कर मुख्यमंत्री के दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना की।जिला मुख्यालय धमतरी में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा जिला चिकित्सालय में मरीजों एवं उनके परिजनों को फल वितरित किए गए। इसके साथ ही वृद्धाश्रम में भी पहुंचकर बुजुर्गों के बीच फल वितरण किया गया तथा उनका आशीर्वाद लिया गया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने बुजुर्गों से आत्मीय मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और सेवा भाव से उनका सम्मान किया। इसी क्रम में भाजपा महिला मोर्चा द्वारा धमतरी के किले स्थित राम मंदिर में विशेष रूप से हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन किया गया। महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के स्वस्थ, दीर्घायु एवं प्रदेश की समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर मंदिर परिसर में श्रद्धा और भक्ति का वातावरण बना रहा। इन सभी कार्यक्रमों में मुख्य रूप से भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष रंजना साहू, पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष नेहरू निषाद, भाजपा जिला महामंत्री महेंद्र पंडित एवं राकेश साहू सहित भाजपा के संगठन पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इसी तरह जिले के 13 मंडलों में अलग-अलग आयोजन भी किया गया कार्यक्रम के दौरान उपस्थित नेताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ विकास और जनकल्याण के मार्ग पर आगे बढ़ रहा है। उनके जन्मदिन के अवसर पर सेवा कार्यों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचने का प्रयास किया गया। उक्त जानकारी उमेश साहू जिला मीडिया प्रभारी द्वारा दी गई।

Recent Posts