धमतरी।धमतरी में सैनिक स्कूल खोलने की स्वीकृति मिलने पर भाजपा पार्षदों ने आज महापौर से मुलाकात कर पार्षदों की ओर से धन्यवाद ज्ञापित किया। पार्षदों ने कहा कि महापौर के सतत प्रयास, मुख्यमंत्री एवं राज्य सरvकार के सहयोग से यह महत्वपूर्ण उपलब्धि संभव हो सकी है। उन्होंने कहा कि सैनिक स्कूल खुलने से धमतरी जिले सहित पूरे अंचल के विद्यार्थियों को अब सेना में जाने की बेहतर और गुणवत्तापूर्ण तैयारी का अवसर मिलेगा।पार्षदों ने आगे कहा कि सैनिक स्कूल के खुलने से क्षेत्र के युवाओं में देश सेवा की भावना और मजबूत होगी तथा उन्हें राष्ट्रीय स्तर की शिक्षा, अनुशासन और प्रशिक्षण प्राप्त होगा। इससे न केवल धमतरी जिले की पहचान बढ़ेगी, बल्कि यहां के विद्यार्थियों का भविष्य भी उज्ज्वल होगा। पार्षदों ने कहा कि यह धमतरी जिले के लिए ऐतिहासिक और गौरव का विषय है। वर्षों से क्षेत्रवासी सैनिक स्कूल की मांग कर रहे थे, जो अब पूरी हो गई है। इसके लिए पार्षदों ने महापौर के प्रयासों की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया और कहा कि यह निर्णय आने वाली पीढ़ियों के लिए मील का पत्थर साबित होगा। इस अवसर पर अखिलेश सोनकर पिन्टू यादव मेगराज ठाकुर हेमंत बंजारे हिमानी साहू कुलेश सोनी भारती साहू संजय देवांगन अज्जू देसल्हारे संतोष सोनकर ने महापौर का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया तथा सैनिक स्कूल की स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री और राज्य शासन के प्रति भी आभार व्यक्त किया।






