नेशनल रोवर–रेंजर जंबूरी में यूथ पार्लियामेंट बना आकर्षण, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने की युवाओं की सराहना

बालोद :– जिला मुख्यालय के समीप ग्राम दूधली में आयोजित प्रथम राष्ट्रीय रोवर–रेंजर जंबूरी का सफल आयोजन निरंतर जारी है। आयोजन के तीसरे दिन यूथ पार्लियामेंट कार्यक्रम विशेष आकर्षण का केंद्र रहा, जिसमें रोवर–रेंजरों एवं उपस्थित जनसमूह को लोकसभा की वास्तविक कार्यवाही से रूबरू कराया गया।
यूथ पार्लियामेंट में प्रतिभागी रोवर–रेंजरों ने सांसद, मंत्री, नेता प्रतिपक्ष सहित विभिन्न संवैधानिक भूमिकाओं का प्रभावशाली निर्वहन किया।

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने लोकसभा अध्यक्ष की भूमिका निभाते हुए प्रतिभागी युवाओं की उत्कृष्ट भागीदारी की भूरी-भूरी सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रतिभागी रोवर–रेंजरों में भावी राजनेताओं की स्पष्ट झलक दिखाई दी और सभी युवा अभ्यस्त एवं पेशेवर राजनेता की भूमिका में नजर आए।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री, गृह मंत्री, वित्त मंत्री, रेल मंत्री सहित पक्ष-विपक्ष की भूमिकाओं में युवाओं ने ज्वलंत मुद्दों पर सशक्त बहस की। बुलेट ट्रेन, एसआईआर तथा ‘वन नेशन वन इलेक्शन’ जैसे विषयों पर हुई चर्चा ने कार्यक्रम को जीवंत बना दिया। शेरो-शायरी और सारगर्भित तर्कों से सजी इस युवा संसद ने लोकतांत्रिक मूल्यों की मजबूत प्रस्तुति दी।

डॉ. रमन सिंह ने युवाओं से संवाद करते हुए कहा कि नई पीढ़ी देश की बागडोर संभालने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने सशक्त विपक्ष, अनुशासित सदन और सार्थक बहस को लोकतंत्र की मजबूती का आधार बताया।

इस अवसर पर स्कूली शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, भारतीय स्काउट गाइड के मुख्य राष्ट्रीय आयुक्त डॉ के के खंडेलवाल, राज्य मुख्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह खालसा, जिला मुख्य आयुक्त राकेश यादव, कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा, एसपी योगेश कुमार पटेल, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि चेमन देशमुख, सौरभ लूनिया, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील चंद्रवंशी, अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक, एडिशनल एसपी श्रीमती मोनिका ठाकुर सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में रोवर रेंजर, स्काउट गाइडस तथा आम नगरीकरण उपस्थित थे।
कार्यक्रम के अंत में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह एवं विधानसभा सचिव को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।







