प्रभावित व्यवसायियों के पुनर्वास की माँग, कलेक्टर को ज्ञापन।

मनेंद्रगढ़। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष लखनलाल श्रीवास्तव के साथ एक प्रतिनिधि मंडल ने जिला कलेक्टर को एक ज्ञापन सौंप कर भूपेन्द्र क्लब की भूमि से विस्थापित हुए व्यवसायियों की समस्या के त्वरित निराकरण की माँग की है।

श्रीवास्तव ने स्मरण कराया कि तीन माह पूर्व प्रशासन ने भगत सिंह तिराहे के सामने स्थित भूपेन्द्र क्लब की भूमि पर बने दो दर्जन से अधिक व्यवसायियों की दुकानें जनहित में जमींदोज कर दी थीं। उस समय प्रभावितों को आश्वासन दिया गया था कि उन्हें नगर पालिका व जनपद पंचायत की खाली पड़ी दुकानों को प्राथमिकता के आधार पर आबंटित किया जाएगा तथा भविष्य में बनने वाले शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में भी दुकानों का प्रावधान होगा।

उन्होंने बताया कि प्रभावितों के पुनर्वास को लेकर नगर पालिका में अनुविभागीय अधिकारी की मौजूदगी में बैठक भी हुई थी, जिसमें शीघ्र आबंटन का निर्णय लिया गया था। लेकिन लंबे समय बाद भी कोई ठोस कार्यवाही नहीं हो पाई है।

श्रीवास्तव ने कहा कि व्यवसायी लगातार कार्यालयों के चक्कर काट रहे हैं, जिससे वे निराश और आक्रोशित हो रहे हैं। उन्होंने कलेक्टर से आग्रह किया कि मानवीय दृष्टिकोण से इस समस्या का शीघ्र समाधान किया जाए ताकि शासन-प्रशासन पर जनता का विश्वास बना रहे।. इस मौके पर कलेक्टर एम सी बी ने आश्वासन दिया कि शीघ्र ही इस सम्बन्ध में बैठक बुलाकर उचित निर्णय लिया जायेगा. इस मौके पर भाजपा जिला प्रवक्ता जमुना पांडे, जिला मीडिया प्रभारी रामचरित द्विवेदी, जिला पंचायत सदस्य उजित नारायण, सरपंच भलोर धरम पाल सिंह,पार्षद जमील शाह,गुरूजीत सिंह, इक़बाल सिंह, देवतोष भट्टाचार्य, मनोज अग्रवाल, आकाश राय प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

ब्युरो रिपोर्ट

Recent Posts