रायपुर की पहली महिला विधायक रजनी ताई उपासने का निधन हो गया है। वह 93 साल की थीं। वह 1978 में पहली बार चुनाव जीतीं थीं। उसके बाद से राजधानी में कोई महिला विधायक नहीं बनी।
रायपुर: छत्तीसगढ़ बीजेपी की सीनियर नेता और पार्टी की मातृ शक्ति कही जाने वाली रजनी ताई उपासने का बुधवार को निधन हो गया। वह राजधानी रायपुर की पहली महिला विधायक थीं। रजनी ताई उपासने की मौत पर सीएम विष्णुदेव साय समेत पार्टी के सभी नेताओं ने शोक प्रकट किया है। रजनी ताई 1978 में कांग्रेस के कद्दावर नेता को चुनाव हराकर विधानसभा पहुंची थीं। वह रायपुर की पहली महिला विधायक थीं।
रजनी ताई जनसंघ की प्रमुख कार्यकर्ता रही। 93 साल की उम्र में उनका निधन हुआ है। वह लंबी समय से उम्र संबंधी बीमारियों से परेशान थीं। बीमारी और उम्र के कारण वह बीते एक दशक से सक्रिय राजनीति से दूर थीं। हालांकि इस दौरान बीजेपी के सीनियर नेता उनसे मुलाकात करने पहुंचते थे।
क्या कहा सीएम ने
रजनी ताई उपासने के निधन पर सीएम विष्णुदेव साय ने शोक प्रकट किया है। सीएम ने कहा- रायपुर की पहली महिला विधायक एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता व लोकतंत्र सेनानी संघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सच्चिदानंद उपासने जी की पूज्य माताजी रजनी ताई उपासने जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। जनसेवा और समाज हित के प्रति उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। इस दुःख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवारजनों के साथ हैं। ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं।
पीएम मोदी ने किया था फोन
दो साल पहले पीएम मोदी ने रजनी ताई को फोन किया था। इस दौरान उन्होंने उनका हालचाल लिया था। इस बात की जानकारी उनके बेटे ने मीडिया को दी थी कि पीएम मोदी ने ताई को फोन किया और उनका हालचाल जाना है।
कलेक्टर को दिया था सॉलिड जवाब
रायपुर में रजनी ताई का एक जवाब की अक्सर चर्चा होती है। आपातकाल के समय रायपुर के तत्कालीन कलेक्टर उनका घर सील करने पहुंचे थे। कलेक्टर ने कहा था कि आप देश विरोधी गतिविधियों में शामिल हैं आपको जेल हो सकती है। कलेक्टर के सवाल पर रजनी ताई ने कहा था बेटे पहले से ही जेल में हैं। मुझे भी ले चलो कोई फर्क नहीं पड़ता है। कहा जाता है कि रायपुर के तात्यापारा स्थित उनके घर में संघ के बड़े पदाधिकारी आकर ठहरते थे और यहां से नई रणनीति तैयार की जाती थी।
ब्युरो रिपोर्ट





