दोस्त-दोस्त न रहा, ट्रंप यार हमें तेरा ऐतबार न रहा.., प्रधानमंत्री को लेकर ये क्या बोल गए जयराम रमेश

कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा रूस से तेल खरीद पर भारत पर टैरिफ बढ़ाने की धमकी पर पीएम मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने मोदी के ‘अबकी बार ट्रंप सरकार’ और ‘हाउडी मोदी’ जैसे कार्यक्रमों को याद दिलाते हुए कहा कि यह दोस्ती महंगी साबित हुई।

नई दिल्ली: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा रूस से तेल खरीद को लेकर भारत पर टैरिफ में भारी बढ़ोतरी की धमकी पर कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने पीएम मोदी को उनके पुराने बयान याद दिलाए जब प्रधानमंत्री मोदी ट्रंप को खास दोस्त बताते थे। जयरा रमेश ने कहा कि सालों से प्रधानमंत्री दावा करते आ रहे हैं कि राष्ट्रपति ट्रंप और उनके बीच एक खास रिश्ता है। लेकिन अब यह दोस्ती बहुत महंगी साबित हुई है। विदेश मंत्रालय ने अब बयान जारी किया है, लेकिन यह साफ है कि अमेरिका के साथ हमारे रिश्ते बिगड़ गए हैं। आज, चीन, अमेरिका और पाकिस्तान जैसे देश हमारे लिए चुनौती बन गए हैं।

दोस्त-दोस्त न रहा, ट्रंप यार…
उन्होंने कहा कि एक लोकप्रिय गाना है ‘दोस्त दोस्त न रहा’। प्रधानमंत्री को भी यह गाना जरूर आता होगा। लेकिन अब उन्हें ‘दोस्त दोस्त न रहा, ट्रंप यार हमें तेरा ऐतबार न रहा’ गाना चाहिए। उन्होंने ‘हाउडी मोदी’ और ‘नमस्ते ट्रंप’ कार्यक्रम आयोजित किए लेकिन अब उसका परिणाम क्या हुआ। उन्होंने एक समय कहा था ‘अबकी बार ट्रंप सरकार’। तस्वीरें खिंचवाई गईं। राष्ट्रपति ट्रंप के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान हमारे विदेश मंत्री पहली पंक्ति में बैठे थे।

दोस्ती महंगी साबित हो गई
जयराम रमेश ने कहा कि दावे किए गए कि प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति ट्रंप के बीच एक खास रिश्ता है, कि वे पुराने दोस्त हैं… इन सबका नतीजा क्या है? टैरिफ बढ़ाने की धमकियां दी जा रही हैं। यह दोस्ती बहुत महंगी साबित हुई। प्रधानमंत्री को जवाब देना चाहिए। सालों से, वे दावा करते रहे हैं कि राष्ट्रपति ट्रंप और उनके बीच ख़ास रिश्ता है, वे गले मिलते हैं, तस्वीरें खिंचवाते हैं और बातचीत करते हैं।

ब्यूरो रिपोर्ट 

Recent Posts