कांग्रेस नेताओं की मांग, भाजपा सरकार के स्वास्थ्य मंत्री को मिले अतिरिक्त सुरक्षा प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था का हवाला देकर कांग्रेस नेताओं से सौंपा ज्ञापन

मनेंद्रगढ़ / – कांग्रेस नेताओं ने जिले के भाजपा विधायक एवं स्वास्थ्य मंत्री को अतिरिक्त सुरक्षा प्रदान करने की मांग को लेकर पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा, जो अब सुर्खियों का विषय बना हुआ है।

कांग्रेस के जिला प्रवक्ता सौरव मिश्रा, युवा कांग्रेस लीगल सेल के प्रदेश अध्यक्ष व्यंकटेश सिंह, एन एस यू आई के जिला अध्यक्ष कासिम अंसारी, मोती सिंह ने पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा। मिश्रा ने ज्ञापन में उल्लेख किया कि अत्यंत चिंताजनक विषय है कि छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार बनने के कुछ ही महीनों के भीतर प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति बेहद लचर हो चुकी है। स्थिति यह हो गई है कि अब भाजपा के ही विधायक असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और उन पर हमले तक हो रहे हैं। प्रदेश के बेमेतरा जिले में आरंग सीट से भाजपा विधायक गुरु खुशवंत साहेब की गाड़ी पर 12–13 जुलाई 2025 की देर शाम पत्थरबाजी का हमला हुआ है जिससे गाड़ी का आगे का शीशा टूट गया और विधायक के बाएं हाथ में मामूली चोट आई है। मिश्रा ने पत्र में आगे उल्लेख किया कि वर्तमान में हमारे जिले से विधायक श्याम बिहारी जायसवाल छत्तीसगढ़ शासन में स्वास्थ्य मंत्री हैं, जिनके विभाग से लगातार भ्रष्टाचार, दलाली और घोटालों की खबरें प्रदेश के प्रमुख समाचार माध्यमों में सुर्खियाँ बन रही हैं। जनता का गुस्सा बढ़ता जा रहा है और यह स्पष्ट है कि इस जनाक्रोश की आंच सत्ता के भीतर तक पहुँच चुकी है। ऐसी परिस्थिति में, हम मांग करते हैं कि जिले के भाजपा विधायक एवं स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल को तत्काल अतिरिक्त सुरक्षा प्रदान की जाए। भाजपा सरकार में जब भाजपा विधायक ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम नागरिकों की सुरक्षा की कल्पना करना ही व्यर्थ है।

जिला प्रवक्ता सौरव मिश्रा ने तंज कसते कहा कि सरकार का पहला कर्तव्य जनप्रतिनिधियों की नहीं, जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करना होता है, लेकिन जब सत्तारूढ़ दल के विधायक ही असुरक्षित हों, तो शासन की गंभीरता पर सवाल उठना लाज़िमी है ऐसे परिस्थितियों में सरकार पहले अपने विधायक एवं मंत्रियों को ही सुरक्षित रख ले यही बहुत बड़ी बात है इसलिए हमने स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल को अतिरिक्त सुरक्षा देने की मांग की है

युवा कांग्रेस लीगल सेल के प्रदेश अध्यक्ष व्यंकटेश सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार में वर्तमान बिगड़ती कानून स्थिति को देखते हुए भाजपा के मंत्रियों के साथ सभी जनप्रतिनिधियों को अतिरिक्त सुरक्षा देनी चाहिए।

एन एस यू आई जिला अध्यक्ष कासिम अंसारी ने कहा कि एक तरफ भाजपा विधायकों पर हमला हो रहा है दूसरी तरफ प्रतियोगी परीक्षाओं में खुलेआम आधुनिक उपकरण ले जाकर नकल किया जा रहा है ये सब घटना दिखाता है कि भाजपा सरकार से कानून व्यवस्था नहीं संभल रही है ज्ञापन सौंपने के दौरान एन एस यू आई के लीगल सेल के प्रदेश अध्यक्ष व्यंकटेश सिंह, एन एस यू आई जिला अध्यक्ष कासिम अंसारी, युवा कांग्रेस के विधानसभा अध्यक्ष मोती सिंह, सैफ नियाजी, आशीष चौधरी सहित कई कांग्रेसी नेता मौजूद रहे।

ब्यूरो रिपोर्ट

Recent Posts