
आमापारा के अम्बा चौक में दूसरे दिन शिवकथा सुनने उमडे़ बड़ी संख्या में श्रद्धालु धमतरी। आमापारा के अम्बा चौक में आयोजित श्री शिव महापुराण कथा के दूसरे दिन पंडित पलक दुबे ने शिवलिंग उत्पत्ति एवं ओम नाद सृष्टि वर्णन की कथा प्रसंग पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सृष्टि के आरंभ में चारों ओर जल ही जल था। इसी समय ब्रह्मा और विष्णु के बीच खुद को सर्वशक्तिमान और श्रेष्ठ साबित करने को लेकर भयंकर विवाद हुआ। दोनों के अहंकारपूर्ण युद्ध से पूरे ब्रह्मांड में अशांति फैल गई। हालात शांत करने के लिए दोनों के बीच अचानक एक दिव्य असीम आदि-अंत रहित अग्नि स्तंभ प्रकट हुआ। इसे ज्योतिर्लिंग कहा गया।बनिया तालाब पार पंचमुखी हनुमान मंदिर पास चल रहे शिवकथा में पंडित पलक दुबे ने आगे बताया कि स्तंभ का ओर-छोर जानने के लिए विष्णु ने वराह रूप लिया। पाताल की ओर गए। ब्रह्मा ने हंस रूप लिया। आकाश की ओर उड़े। हजारों वर्षों तक दोनों ने लगातार प्रयास किया। फिर भी न आदि मिला न अंत मिला। थकने के बाद दोनों लौटे। अपनी सीमाएं स्वीकार कीं। उस परम शक्ति के सामने विनम्र भाव से नतमस्तक हुए। उनकी विनम्रता से तेजोमय स्तंभ से मधुर दिव्य नाद गूंजा। यह नाद अ उ म तीन अक्षरों की ध्वनि थी। इनके मिलन से ॐ प्रणव की उत्पत्ति हुई। ओंकार नाद में अ से ब्रह्मा का स्वरूप समाया। उ से विष्णु का स्वरूप समाया। म से महेश का स्वरूप समाया। इसी प्रणव ध्वनि से पंचमहाभूत पृथ्वी, जल, अग्नि, वायु, आकाश का विस्तार हुआ। वेदों का विस्तार हुआ। संपूर्ण चराचर सृष्टि का विस्तार हुआ। शिव ने साकार रूप में दर्शन दिए। बताया कि वे ही निराकार परब्रह्म हैं। ज्योतिर्लिंग उनकी अनंत ऊर्जा का प्रतीक है। इसी क्षण से ब्रह्मांड के कल्याण के लिए पहली बार शिव के लिंग स्वरूप की पूजा का विधान शुरू हुआ। पलक दुबे के अनुसार कथा संदेश साफ है कि अहंकार कलह की जड़ है। विनम्रता और समर्पण से ईश्वर की प्राप्ति होती है। सृष्टि के कण-कण में शिव और ओंकार नाद की ऊर्जा मौजूद है। कथा सुनने के लिए डा. गजेन्द्र पटेल अर्जुन सिन्हा सीमा नाग पूजा नाग प्रभा बाई अहिल्या बाई कौशिल्या नाग शशि साहू, तारा मोहबे, गोमती नाग रामेश्वरी सिन्हा ज्योति पटेल मनोज नाग समेत बड़ी संख्या में वार्डवासी मौजूद रहे।






