
बालोद। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन द्वारा अवैध धान भंडारण एवं परिवहन के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देश पर कृषि उपज मंडी समिति बालोद की टीम ने गुण्डरदेही ब्लॉक के ग्राम चिचबोड़ में छापेमारी कर 24 क्विंटल धान जब्त किया है।
20 नवंबर को दोपहर 12:05 बजे मंडी उपनिरीक्षक घनश्याम सिंह सिदार एवं रविशंकर ने ग्राम चिचबोड़ निवासी जगन्नाथ साहू के यहां जांच की। इस दौरान 60 कट्टा धान भंडारित पाया गया, जिसकी कीमत लगभग 52,800 रुपये बताई गई। संबंधित व्यक्ति के पास केवल 10 क्विंटल धान की मंडी शुल्क रसीद उपलब्ध थी, जबकि शेष धान के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इस पर मंडी टीम ने नियमानुसार धान जब्त कर लिया।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी में अनियमितता और कोचियों-बिचौलियों द्वारा अवैध धान खपाने के प्रयासों पर सख्ती से रोक लगाई जाएगी। राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।






