संयुक्त जांच दल ने चार स्थानों पर पकड़ा 245.60 क्विंटल अवैध धान, मंडी अधिनियम के तहत की गई कार्रवाई धमतरी। जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी सुव्यवस्थित और किसान हितैषी बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन द्वारा अवैध धान भंडारण परिवहन एवं अनधिकृत खरीदी-बिक्री के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के निर्देश पर गुरुवार को नगरी क्षेत्र में राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने चार अलग-अलग प्रतिष्ठानों के गोदामों में जांच कर कुल 614 कट्टा धान जब्त किया। जब्त धान का कुल वजन 245.60 क्विंटल है।संयुक्त जांच दल में राजस्व विभाग के तहसीलदार, खाद्य विभाग के अधिकारी तथा मंडी विभाग के कर्मचारी शामिल थे। दल ने विभिन्न प्रतिष्ठानों में पहुंचकर धान के भंडारण, उपलब्ध दस्तावेजों एवं संबंधित अभिलेखों की जांच की। इस दौरान बेलरगांव स्थित भानुराम साहू के गोदाम से 81 कट्टा (32.40 क्विंटल), गट्टासिल्ली स्थित एसके फूड्स मिल के गोदाम से 233 कट्टा (93.20 क्विंटल), सफीका धान कुटाई केंद्र के गोदाम से 140 कट्टा (56 क्विंटल) तथा गेदरा स्थित रजा राइस इंडस्ट्रीज के गोदाम से 160 कट्टा (64 क्विंटल) धान अवैध रूप से भंडारित पाया गया।जांच में अनियमितता पाए जाने पर संयुक्त दल ने चारों प्रतिष्ठानों से कुल 614 कट्टा धान जब्त कर मंडी अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की। जब्त धान को नियमानुसार संबंधित प्रतिष्ठानों के संचालकों की सुपुर्दगी में दिया गया है। संबंधित प्रतिष्ठानों से भानुराम साहू बेलरगांवआसिफ मेमन गट्टासिल्ली जावेद मेमन गट्टासिल्ली एवं जमीला बानो रजा राइस इंडस्ट्रीज जुड़े हुए हैं।किसानों के हितों की सुरक्षा के लिए सतत निगरानी जिला प्रशासन द्वारा धान खरीदी केंद्रों के साथ-साथ सीमावर्ती क्षेत्रों, भंडारण स्थलों, राइस मिलों एवं व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर भी सतत निगरानी रखी जा रही है। इसका उद्देश्य धान खरीदी प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी, बिचौलियों की अवैध गतिविधियों तथा अनधिकृत धान के खपाने की कोशिशों पर प्रभावी अंकुश लगाना है।प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी व्यवस्था में अनियमितता अथवा अवैध गतिविधियों की सूचना मिलने पर तत्काल जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। संयुक्त जांच दलों द्वारा आगे भी नियमित निरीक्षण एवं कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि शासन की समर्थन मूल्य पर धान खरीदी योजना का लाभ वास्तविक किसानों को मिले और पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष एवं पारदर्शी बनी रहे।







