
दीपावली से पहले रोशनी से जगमगाएंगे बालोद के वार्ड, पालिका अध्यक्ष-उपाध्यक्ष ने किया विकास कार्यों का औचक निरीक्षण
आदर्श नगर में 14 विद्युत पोल के साथ स्ट्रीट लाइट की सुविधा, पाररास बायपास से बाघमारा रेलवे क्रॉसिंग तक भी होगा रोशनी का विस्तार

बालोद :– दीपावली पर्व से पहले शहर के विभिन्न वार्डों को रोशनी से जगमगाने की तैयारी की जा रही है। इसी कड़ी में नगर पालिका परिषद बालोद की अध्यक्ष श्रीमती प्रतिभा संतोष चौधरी एवं उपाध्यक्ष कमलेश सोनी ने 4 नवंबर को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्यों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण की शुरुआत वार्ड क्रमांक 11 में सरयू प्रसाद अग्रवाल स्टेडियम के पीछे स्थित आदर्श कॉलोनी से हुई। यहां प्रस्तावित इंडोर स्टेडियम निर्माण स्थल का निरीक्षण किया गया। इंडोर स्टेडियम बनने से शहर के खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी और उन्हें अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलेगा।
आदर्श नगर में 14 विद्युत पोल की सौगात
आदर्श नगर कॉलोनी में वार्डवासियों की मांग पर 14 विद्युत पोल लगाए गए हैं, जिनमें स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य किया जा रहा है। दीपावली से पहले यह सुविधा मिलने से कॉलोनी में रोशनी की बेहतर व्यवस्था होगी। इससे रहवासियों को रात्रि के समय आवागमन में भी सहूलियत मिलेगी।

बायपास से रेलवे क्रॉसिंग तक बढ़ेगी रोशनी
इसके बाद पालिका अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष ने पाररास बायपास रोड से बाघमारा रेलवे क्रॉसिंग तक लगाए गए विद्युत पोल एवं स्ट्रीट लाइट व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस मार्ग पर भी विद्युत प्रकाश व्यवस्था का विस्तार किया जा रहा है। स्ट्रीट लाइट लगने से राहगीरों और आसपास के रहवासियों को रात में आवागमन करने में सुविधा मिलेगी।
वार्डवासियों ने जताया आभार
शहर के विभिन्न क्षेत्रों में विद्युत पोल एवं स्ट्रीट लाइट की सुविधा उपलब्ध कराने पर स्थानीय नागरिकों ने खुशी जाहिर करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रतिभा संतोष चौधरी एवं उपाध्यक्ष कमलेश सोनी के प्रति आभार व्यक्त किया।

निरीक्षण के दौरान एल्डरमैन शेखर वर्मा, पिछड़ा वर्ग मोर्चा शहर मंडल बालोद के अध्यक्ष ईश्वर साहू, एबीवीपी नगर मंत्री शान सोनी, सुभाष चौधरी, मंजू साहू सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
नगर पालिका अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष ने शहर के विभिन्न वार्डों में विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए नागरिकों की मांग के अनुरूप मूलभूत सुविधाओं का विस्तार करने पर जोर दिया। दीपावली के पूर्व स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था से शहर के इन क्षेत्रों में रोशनी के साथ ही नागरिकों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक आवागमन का लाभ मिलने की उम्मीद है।





