
केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं से गांव गरीब किसान युवा और महिलाओं के जीवन में आ रहा सकारात्मक बदलाव
छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति, परंपरा और विकास यात्रा की झलक से सजा राज्योत्सव समारोह

धमतरी / छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 26 वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक अवसर पर जिले में राज्योत्सव-2026 का भव्य शुभारंभ जिला मुख्यालय स्थित एकलव्य खेल मैदान में हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कुरूद विधानसभा क्षेत्र के विधायक अजय चंद्राकर थे। समारोह में छत्तीसगढ़ की गौरवशाली लोकसंस्कृति, परंपरा और विकास यात्रा का उत्साहपूर्ण संगम देखने को मिला। इस अवसर पर शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत हितग्राहियों को चेक एवं सामग्री का वितरण भी किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि अजय चंद्राकर सहित जनप्रतिनिधियों द्वारा छत्तीसगढ़ महतारी की पूजा-अर्चना कर किया गया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों को राज्योत्सव की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ का गठन केवल एक नए राज्य का निर्माण नहीं बल्कि यहां के लोगों की आकांक्षाओं, पहचान और विकास के सपनों को साकार करने की दिशा में ऐतिहासिक पहल थी। उन्होंने प्रधानमंत्री स्व . अटल बिहारी बाजपेयी को याद किया । उन्होंने कहा कि बीते 26 वर्षों में प्रदेश ने कृषि शिक्षा स्वास्थ्य सिंचाई सड़क विद्युत उद्योग और सामाजिक विकास सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी अलग पहचान बनाई है। यह उपलब्धियां प्रदेशवासियों के परिश्रम जनभागीदारी और निरंतर विकास प्रयासों का परिणाम हैं।समारोह का विशेष आकर्षण जिले के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 34 विभूतियों का सम्मान होगा। मुख्य अतिथि अजय चंद्राकर इन विभूतियों को सम्मानित कर उनकी उपलब्धियों समर्पण और समाज के प्रति योगदान का अभिनंदन करेंगे। सम्मानित होने वालों में आदिवासी समाज के उत्थान चिकित्सा खेल शिक्षा समाज सेवा पर्यावरण संरक्षण कृषि उद्यमिता पर्यटन लोककला डिजिटल नवाचार और युवा नेतृत्व सहित विविध क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रतिभाशाली व्यक्ति शामिल हैं।विभागीय प्रदर्शनी का अवलोकन कर योजनाओं की सराहना की मुख्य अतिथि विधायक अजय चंद्राकर ने विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी स्टालों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने विभागों द्वारा प्रस्तुत विकासपरक गतिविधियों, जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों और नवाचारों की जानकारी प्राप्त की। विभागीय अधिकारियों ने स्टालों के माध्यम से शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन हितग्राहियों को मिल रहे लाभ तथा जिले में हुए विकास कार्यों की जानकारी दी। चंद्राकर ने विभागीय प्रदर्शनी की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रदर्शनियां शासन की योजनाओं और उपलब्धियों को आम नागरिकों तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने विभागों द्वारा योजनाओं की जानकारी को सरल, आकर्षक और तथ्यात्मक रूप से प्रस्तुत करने के प्रयासों की प्रशंसा की तथा आमजन से इन प्रदर्शनियों का अवलोकन कर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने का आग्रह किया।केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं से सशक्त हो रहा जनजीवन मुख्य अतिथि चंद्राकर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा गरीबों को पक्का आवास उपलब्ध कराने के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना किसानों को आर्थिक संबल देने के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि प्रत्येक घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के लिए जल जीवन मिशन बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए आयुष्मान भारत योजना तथा उज्ज्वला योजना जैसी अनेक पहल संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना और आम नागरिकों के जीवन को अधिक सुविधाजनक एवं सुरक्षित बनाना है।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार भी किसानों महिलाओं युवाओं श्रमिकों और गरीब परिवारों के कल्याण के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। कृषक उन्नति योजना महतारी वंदन योजना रामलला दर्शन योजना दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना तथा मुख्यमंत्री खाद्यान्न सहायता जैसी योजनाओं से समाज के विभिन्न वर्गों को लाभ मिल रहा है। धान उत्पादक किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य, महिलाओं को आर्थिक संबल और जरूरतमंद परिवारों को आवास एवं खाद्य सुरक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का समन्वित क्रियान्वयन प्रदेश के समग्र विकास को नई गति दे रहा है।धमतरी की विकास यात्रा में कृषि पर्यटन और अधोसंरचना की महत्वपूर्ण भूमिका विधायक चंद्राकर ने कहा कि धमतरी जिला प्राकृतिक संपदा कृषि परंपरा जल संसाधन और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के लिए विशिष्ट पहचान रखता है। शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल सड़क पुल-पुलिया आवास और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ जिले में विकास के नए अवसर निर्मित हो रहे हैं। गंगरेल बांध रविशंकर जलाशय सिहावा क्षेत्र की प्राकृतिक संपदा और जिले के धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थल पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण हैं। पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने से स्थानीय युवाओं को रोजगार और ग्रामीण समुदायों को आजीविका के नए अवसर मिल सकते हैं।उन्होंने युवाओं से कौशल विकास नवाचार और स्वरोजगार के माध्यम से आगे बढ़ने का आह्वान किया। साथ ही किसानों से आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने, फसल विविधीकरण और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने विशेष रूप से जल संरक्षण की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि भूजल का विवेकपूर्ण उपयोग और वर्षा जल संचयन भविष्य की पीढ़ियों के लिए जल सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण है।लोकसंस्कृति की रंगारंग प्रस्तुतियों ने बांधा समां राज्योत्सव समारोह में स्थानीय कलाकारों द्वारा छत्तीसगढ़ की लोककला, लोकनृत्य और पारंपरिक सांस्कृतिक विरासत पर आधारित आकर्षक प्रस्तुतियां दी गईं। इन प्रस्तुतियों ने दर्शकों को प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक पहचान और परंपराओं से रूबरू कराया। कार्यक्रम स्थल पर उत्सवपूर्ण वातावरण के बीच बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता की।विकास और जनकल्याण की दिशा में आगे बढ़ रहा धमतरी जिला – कलेक्टर अबिनाश मिश्रा कार्यक्रम के प्रारंभ में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने जिलेवासियों को राज्योत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की 26 वर्षों की विकास यात्रा हम सभी के लिए गौरव और प्रेरणा का विषय है। धमतरी जिले में शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप शिक्षा स्वास्थ्य कृषि ग्रामीण विकास आवास पेयजल कौशल विकास आधारभूत संरचना और पर्यटन के क्षेत्र में योजनाबद्ध तरीके से कार्य किए जा रहे हैं। शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने तथा विकास कार्यों को जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाने के लिए जिला प्रशासन निरंतर प्रयासरत है।उन्होंने कहा कि जिले की प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक विशेषताओं को पर्यटन की संभावनाओं से जोड़कर स्थानीय आजीविका के नए अवसर विकसित किए जा रहे हैं। सामूहिक प्रयासों और जनसहभागिता से धमतरी को विकास के नए आयामों तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया है।कार्यक्रम को कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा महापौर रामू रोहरा ने भी संबोधित किया । राज्य और जिले में विकास की उपलब्धियां बतायी । इस अवसर पर अध्यक्ष सहकारी बैंक निरंजन सिन्हा,पूर्व विधायक रंजना साहू जनपद अध्यक्ष धमतरी जिला पंचायत उपाध्यक्ष गौकरण साहू पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय । वन मंडल अधिकारी श्रीकृष्ण जाधव सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।






