
धमतरी। ‘लोकतंत्र बचाओ–अराजकता हटाओ’ पदयात्रा एवं जनसभा के सफल आयोजन के पश्चात जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि लोकतंत्र केवल एक व्यवस्था नहीं बल्कि देश की आत्मा और संविधान की सबसे बड़ी ताकत है। लोकतंत्र की रक्षा करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। देश की एकता अखंडता शांति और संवैधानिक मूल्यों को बनाए रखने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को जागरूक और जिम्मेदार भूमिका निभानी चाहिए।उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता इस बात की है कि हम लोकतांत्रिक संस्थाओं का सम्मान करें संवैधानिक मर्यादाओं का पालन करें और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखें। राजनीतिक मतभेद लोकतंत्र का हिस्सा हैं लेकिन मतभेदों के नाम पर देश में अराजकता और अशांति का वातावरण बनाना उचित नहीं है। लोकतंत्र में विरोध का अधिकार है लेकिन राष्ट्र की एकता और सामाजिक सद्भाव बनाए रखना भी उतना ही महत्वपूर्ण है।सार्वा ने आगे कहा कि आज की यह पदयात्रा केवल एक राजनीतिक आयोजन नहीं, बल्कि लोकतंत्र के प्रति हमारी प्रतिबद्धता और जनजागरण का संदेश है। इसमें कार्यकर्ताओं और नागरिकों की सहभागिता यह दर्शाती है कि लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए समाज जागरूक है। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी वरिष्ठ नेताओं जनप्रतिनिधियों पार्टी पदाधिकारियों कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग और सहभागिता से यह आयोजन सफल एवं सार्थक बना है।उन्होंने कहा कि हमारा संकल्प एक मजबूत लोकतंत्र सशक्त राष्ट्र और शांतिपूर्ण समाज के निर्माण में अपनी सकारात्मक भूमिका निभाना है।






