चक्रवाती तूफान अर्नब से प्रभावित फसलों का कृषि विभाग और बीमा कंपनी की संयुक्त टीम कर रही सर्वेक्षण

किसानों को नियमानुसार क्षतिपूर्ति दिलाने के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध, प्रभावित खेतों का किया जा रहा है आकलन धमतरी/- चक्रवाती तूफान अर्नब’ के प्रभाव से फसलों को संभावित नुकसान को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा किसानों के हित में आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। जिले में कृषि विभाग के मैदानी अमले तथा संबंधित फसल बीमा कंपनी की संयुक्त टीमें गांव-गांव पहुंचकर खेतों का निरीक्षण कर रही हैं और प्रभावित फसलों की स्थिति का सर्वेक्षण एवं नुकसान का आकलन कर रही हैं।सर्वेक्षण के दौरान फसलों की वास्तविक स्थिति, नुकसान की प्रकृति एवं प्रभावित रकबे से संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि नियमानुसार आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। सर्वेक्षण के आधार पर पात्र किसानों को निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप फसल क्षतिपूर्ति एवं बीमा दावा संबंधी लाभ दिलाने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन द्वारा संबंधित अधिकारियों को सर्वेक्षण कार्य गंभीरता एवं पारदर्शिता के साथ समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि प्राकृतिक आपदा एवं प्रतिकूल मौसम की परिस्थितियों में किसानों के हितों की रक्षा जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। चक्रवाती तूफान के प्रभाव से फसलों को हुए नुकसान का वास्तविक आकलन सुनिश्चित करने के लिए कृषि विभाग और बीमा कंपनी की संयुक्त टीमों को मैदानी स्तर पर सक्रिय किया गया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि प्रभावित क्षेत्रों का बारीकी से निरीक्षण कर सर्वेक्षण रिपोर्ट तैयार करें तथा पात्र किसानों को शासन के प्रावधानों के अनुरूप क्षतिपूर्ति एवं बीमा का लाभ दिलाने की प्रक्रिया में संवेदनशीलता और तत्परता बरतें।जिला प्रशासन ने किसानों से भी अपील की है कि सर्वेक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को आवश्यक जानकारी एवं सहयोग प्रदान करें, ताकि नुकसान का सही आकलन कर उन्हें नियमानुसार राहत उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जा सके।

Recent Posts