
हेरोइन और देशी पिस्टल के साथ कार में बैठा आरोपी गिरफ्तार, ₹11.83 लाख का माल जब्त

बालोद:– एएनटीएफ बालोद पुलिस ने मादक पदार्थों और अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नया बस स्टैंड के पीछे खड़ी टाटा हेक्सा कार से 6.40 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) और एक देशी पिस्टल बरामद की है। मामले में पुलिस ने 25 वर्षीय आरोपी लीनेश बंसोड़ उर्फ बाबू को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट एवं आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस ने हेरोइन, पिस्टल, मोबाइल फोन और कार समेत करीब ₹11.83 लाख की सामग्री जब्त की है।

एसडीओपी बालोद विनय साहू ने प्रेस वार्ता में जानकारी देते हए बताया की पुलिस अधीक्षक बालोद किरण गंगाराम चव्हाण (भा.पु.से.) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चन्द्रकांत गवर्ना एवं एसडीओपी बालोद विनय साहू के मार्गदर्शन में अवैध मादक पदार्थों एवं हथियारों के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी है।
इसी क्रम में 28 अक्टूबर की रात एएनटीएफ टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि नया बस स्टैंड बालोद के पीछे सफेद रंग की टाटा हेक्सा कार क्रमांक CG 17 KM 4455 खड़ी है और उसमें चालक की सीट पर बैठा व्यक्ति हेरोइन एवं देशी पिस्टल रखे हुए है। सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और कार की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान कार के डैशबोर्ड के अंदर पारदर्शी झिल्ली में रखा करीब 6.40 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) तथा एक देशी पिस्टल बरामद हुई। पूछताछ में कार में बैठे व्यक्ति ने अपना नाम लीनेश बंसोड़ उर्फ बाबू, पिता सुनील बंसोड़, उम्र 25 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 21 रेलवे कॉलोनी, राजहरा, थाना दल्लीराजहरा, जिला बालोद बताया। पिस्टल के संबंध में वैध दस्तावेज मांगने पर आरोपी कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका।
₹11.83 लाख की सामग्री जब्त
पुलिस के अनुसार जब्त सामग्री में 6.40 ग्राम हेरोइन (चिट्टा), कीमत करीब ₹1.28 लाख, देशी पिस्टल करीब ₹50 हजार, आईक्यू कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल करीब ₹5 हजार तथा टाटा हेक्सा कार करीब ₹10 लाख शामिल है। इस प्रकार कुल जब्ती की अनुमानित कीमत ₹11.83 लाख बताई गई है।
NDPS और आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई
मामले में आरोपी के विरुद्ध थाना बालोद में एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(ख) एवं आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस द्वारा जब्त मादक पदार्थ एवं हथियार के स्रोत तथा उसके संभावित नेटवर्क के संबंध में आगे विवेचना की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा, आरक्षक बनवाली साहू, चुलेन्द्र कुर्रे, भूपेश साहू एवं संजय सोनी सहित एएनटीएफ बालोद टीम की सराहनीय भूमिका रही।
बालोद पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार एवं अवैध हथियारों से जुड़ी किसी भी गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें तथा नशे और अवैध हथियारों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई में सहयोग करें।






