
धमतरी। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक गुरमुख सिंह होरा बुधवार को आंदोलनरत राजस्व पटवारियों के धरना स्थल पर पहुंचे और उनके आंदोलन को अपना समर्थन दिया। उन्होंने पटवारियों से चर्चा कर उनकी मांगों और समस्याओं की जानकारी ली तथा सरकार से संवेदनशीलता के साथ तत्काल समाधान की मांग की गुरमुख सिंह होरा ने कहा कि पटवारी राजस्व प्रशासन की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों एवं आम नागरिकों से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण कार्यों का निर्वहन करते हैं। लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे पटवारियों की समस्याओं का निराकरण करना सरकार की जिम्मेदारी है।उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 में ग्रेड-पे संशोधन के बाद उत्पन्न वेतन विसंगति दूर करने, पटवारी संवर्ग को राजस्व निरीक्षक पद पर विभागीय पदोन्नति का लाभ देने, PV ऐप से जुड़ी तकनीकी एवं व्यावहारिक समस्याओं का समाधान करने तथा आंदोलन के दौरान की गई निलंबन, स्थानांतरण एवं कारण बताओ नोटिस जैसी कार्रवाइयों को वापस लेने की मांगों पर सरकार को सकारात्मक पहल करनी चाहिए।होरा ने कहा कि कर्मचारियों को आंदोलन के लिए मजबूर करने के बजाय सरकार को उनके प्रतिनिधियों से बातचीत कर शीघ्र समाधान निकालना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी कर्मचारियों के न्यायसंगत अधिकारों और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हमेशा उनके साथ खड़ी रहेगी।






