पर्युषण पर्व पर रंजना साहू ने जैन समाज को दी हार्दिक बधाई

पर्युषण पर्व आत्मशुद्धि, संयम और क्षमा का संदेश देता है : रंजना साहू धमतरी- पर्युषण पर्व के पावन अवसर पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं धमतरी पूर्व विधायक रंजना डीपेन्द्र साहू ने समस्त जैन समाज एवं धर्मावलंबियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। उन्होंने कहा कि पर्युषण पर्व जैन धर्म का अत्यंत महत्वपूर्ण आध्यात्मिक पर्व है, जो मनुष्य को आत्मचिंतन, आत्मशुद्धि, संयम, अहिंसा और क्षमाभाव की प्रेरणा देता है। रंजना साहू ने कहा कि जैन धर्म की महान परंपरा ने सदैव अहिंसा, सत्य, अपरिग्रह, तप और त्याग जैसे जीवन मूल्यों का संदेश दिया है, पर्युषण पर्व के दौरान श्रद्धालु आत्ममंथन करते हुए अपने जीवन में हुए जाने-अनजाने अपराधों एवं गलतियों के लिए क्षमा मांगते हैं तथा दूसरों को भी क्षमा करने की भावना रखते हैं। यह पर्व मनुष्य को अपने भीतर की नकारात्मकता को दूर कर सद्भाव, शांति और करुणा के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।साहू ने आगे कहा कि वर्तमान समय में जब समाज में आपसी सद्भाव और भाईचारे की आवश्यकता है, ऐसे पर्वों का महत्व और भी बढ़ जाता है। पर्युषण पर्व हमें संयमित जीवन जीने, जीव मात्र के प्रति दया रखने तथा समाज में प्रेम, सौहार्द एवं परस्पर सम्मान की भावना को मजबूत करने का संदेश देता है, भगवान महावीर स्वामी के अहिंसा एवं सत्य के सिद्धांत संपूर्ण मानव समाज के लिए प्रेरणादायी हैं, उनके विचारों को अपने जीवन में अपनाकर हम एक शांतिपूर्ण, संस्कारवान और समरस समाज के निर्माण में योगदान दे सकते हैं। उन्होंने पर्युषण पर्व के अवसर पर जैन समाज के सभी परिवारों के सुख, शांति, समृद्धि एवं उत्तम स्वास्थ्य की मंगलकामना करते हुए कहा कि यह पावन पर्व सभी के जीवन में आत्मिक शांति, नई ऊर्जा और सकारात्मकता लेकर आए तथा समाज में प्रेम, सद्भाव और भाईचारा निरंतर मजबूत हो।

 

Recent Posts