देवपुर निवासी शशिकांत से दूरभाष पर की बातचीत, बेहतर उपचार के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा शशिकांत ने मुख्यमंत्री का आभार जताया धमतरी। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के माध्यम से धमतरी जिले के देवपुर निवासी शशिकांत भरत की स्वास्थ्य संबंधी गंभीर स्थिति सामने आने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने संवेदनशीलता दिखाते हुए इसका संज्ञान लिया। मुख्यमंत्री ने सोमवार को शशिकांत से दूरभाष पर बातचीत कर उनका हालचाल जाना और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी ली। उन्होंने बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया तथा आवश्यक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। दूरभाष पर बातचीत के दौरान 29 वर्षीय शशिकांत भरत ने मुख्यमंत्री को बताया कि वह भटगांव आईटीआई में अध्ययनरत थे। 11 नवंबर 2016 को ग्राम दुगली के पास धमतरी से लौटते समय शाम करीब 5 से 6 बजे के बीच उनका सड़क हादसा हुआ था। दुर्घटना में उन्हें गंभीर चोटें आईं और इसके बाद सर्वाइकल संबंधी समस्या के कारण उनके हाथ-पैरों की कार्यक्षमता प्रभावित हुई। शशिकांत के अनुसार, दुर्घटना के बाद वह करीब 50 दिनों तक कोमा में रहे। वर्तमान में उनकी शारीरिक स्थिति ऐसी है कि वे स्वयं चलने-फिरने, उठने-बैठने और दैनिक नित्यक्रियाएं करने में सक्षम नहीं हैं तथा अधिकांश समय बिस्तर पर ही रहते हैं। परिवार में अकेला हूँ । माँ ही ध्यान रखती है। शशिकांत का उपचार धमतरी और रायपुर सहित विभिन्न अस्पतालों में कराया जा चुका है। इनमें क्रिश्चियन हॉस्पिटल धमतरी, एकता हॉस्पिटल धमतरी, गुप्ता हॉस्पिटल धमतरी, विशाखापट्टनम के अस्पताल नारायणा हॉस्पिटल रायपुर, मित्तल हॉस्पिटल रायपुर और एम्स रायपुर शामिल हैं। परिवार के अनुसार, अब तक उनके उपचार में काफ़ी रुपये खर्च हो चुके हैं, बावजूद इसके उनकी स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हो पाया है। शशिकांत ने मुख्यमंत्री से आगे के उपचार के लिए शासकीय सहयोग उपलब्ध कराने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उनकी बात गंभीरता और संवेदनशीलता से सुनी तथा उपचार के लिए आवश्यक सहयोग का भरोसा दिलाया। मुख्यमंत्री की इस पहल से शशिकांत और उनके परिवार में बेहतर उपचार की उम्मीद जगी है। जिला प्रशासन द्वारा भी प्रकरण में आवश्यक समन्वय करते हुए नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। शशिकांत भरत ने मुख्यमंत्री का आभार जताया । शशिकांत भरत ग्राम देवपुर, तहसील नगरी, जिला धमतरी के निवासी हैं। उनके पिता जयलाल भरत आईटीआई मुकुंदपुर में सहायक वर्ग-2 के पद पर कार्यरत हैं, जबकि माता सुमरिता भरत जिला रोजगार कार्यालय, धमतरी में चौकीदार के रूप में सेवाएं दे रही हैं। आबादी भूमि पर निर्मित मकान में निवास करते हैं।मुख्यमंत्री द्वारा प्रकरण का संज्ञान लेकर सीधे पीड़ित से संवाद करना शासन की संवेदनशीलता और जरूरतमंदों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।






