सामाजिक भवन में शेड निर्माण की महापौर ने की घोषणा, समाजजनों ने जताया आभार धमतरी/ झिरिया धोबी समाज, धमतरी द्वारा बच्चों को कॉपी-पुस्तक वितरण कार्यक्रम का आयोजन कोस्टापारा वार्ड स्थित सामाजिक भवन में उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिक निगम धमतरी के महापौर जगदीश ‘रामू’ रोहरा शामिल हुए। उन्होंने समाज के बच्चों को पुस्तकें वितरित कर उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने और अपने उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम के दौरान झिरिया धोबी समाज के पदाधिकारियों एवं समाजजनों ने सामाजिक भवन में शेड निर्माण की आवश्यकता को लेकर महापौर रामू रोहरा के समक्ष मांग रखी। समाज की आवश्यकता और सुविधा को ध्यान में रखते हुए महापौर ने मांग को सहर्ष स्वीकार करते हुए सामाजिक भवन में शेड निर्माण की घोषणा की। घोषणा से समाजजनों में हर्ष का माहौल रहा और उन्होंने महापौर का आभार व्यक्त किया।महापौर रामू रोहरा ने कहा कि धोबी समाज स्वच्छता और सेवा का प्रतीक है। समाज ने सदियों से स्वच्छता एवं सेवा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। समाज की प्रगति के लिए शिक्षा सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है। बच्चों को बेहतर शिक्षा और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बच्चों को मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ पढ़ाई करने तथा अपने माता-पिता एवं समाज का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।जिला अध्यक्ष मंगलुराम निर्मलकर ने महापौर रामू रोहरा को ‘विकास पुरुष’ की संज्ञा देते हुए कहा कि महापौर द्वारा लगातार समाज और शहर के विकास से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। समाज हित में रखी गई मांग को तत्काल स्वीकार कर शेड निर्माण की घोषणा करना उनकी संवेदनशीलता और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने समाज की ओर से महापौर का आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम में बच्चों को कॉपी-पुस्तकें मिलने से उनके चेहरे पर खुशी देखने को मिली। समाजजनों ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने के साथ सामाजिक एकता और आपसी सहयोग की भावना को भी मजबूत करते हैं।इस अवसर पर पार्षद संतोष सोनकर, अज्जू देशलहरे, शैलेश रजक, पूर्णिमा गजानंद रजक, नगर पालिका की पूर्व उपाध्यक्ष चित्रलेखा निर्मलकर, महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष नीलू रजक सहित झिरिया धोबी समाज के पदाधिकारी, महिला प्रकोष्ठ के सदस्य, युवा एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।






