साइबर फ्रॉड से बचाव से लेकर सड़क सुरक्षा तक:विद्यार्थियों को साइबर अपराध, यातायात नियम, पॉक्सो एक्ट, नशामुक्ति एवं पीएम राहवीर योजना की दी गई महत्वपूर्ण जानकारी सतर्क रहें सुरक्षित रहें और दूसरों को भी जागरूक करें : विद्यार्थियों को अपराध से बचाव एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए किया गया प्रेरित एसपी धमतरी भावना पांडेय के निर्देशन में धमतरी पुलिस द्वारा विद्यार्थियों एवं आमजन को अपराधों से बचाव, कानून की जानकारी तथा सुरक्षित एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के उद्देश्य से लगातार जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में कल थाना केरेगांव पुलिस द्वारा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सलोनी में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों द्वारा विद्यार्थियों को वर्तमान समय में बढ़ रहे साइबर अपराध एवं ऑनलाइन फ्रॉड के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को अनजान फोन कॉल, संदिग्ध लिंक, फर्जी वेबसाइट ऑनलाइन ठगी OTP बैंकिंग एवं सोशल मीडिया से संबंधित धोखाधड़ी से सतर्क रहने की समझाइश दी गई। साथ ही किसी भी व्यक्ति के साथ OTP पासवर्ड, PIN अथवा बैंक खाते से संबंधित गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने तथा साइबर ठगी होने पर तत्काल शिकायत करने के लिए प्रेरित किया गया।यातायात नियमों एवं सड़क सुरक्षा के संबंध में विद्यार्थियों को यातायात संकेतों, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के उपयोग, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, नाबालिगों द्वारा वाहन नहीं चलाने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने के संबंध में जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को स्वयं यातायात नियमों का पालन करने के साथ-साथ अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।पॉक्सो एक्ट के संबंध में बच्चों को उनके अधिकारों एवं सुरक्षा उपायों की जानकारी देते हुए किसी भी प्रकार के गलत व्यवहार शोषण अथवा असहज स्थिति की जानकारी अपने अभिभावक शिक्षक अथवा पुलिस को तत्काल देने की समझाइश दी गई। बच्चों को यह संदेश दिया गया कि किसी भी परेशानी को छिपाने के बजाय विश्वासपात्र व्यक्ति से साझा करना उनकी सुरक्षा के लिए बेहद आवश्यक है।इसी प्रकार नशा मुक्ति एवं नशे के दुष्परिणामों के संबंध में विद्यार्थियों को जागरूक करते हुए नशे से दूर रहने नशे के अवैध कारोबार से संबंधित गतिविधियों की जानकारी पुलिस को देने तथा अपने साथियों एवं समाज को भी नशामुक्ति के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया गया।कार्यक्रम में पीएम राहवीर योजना के संबंध में भी जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की समय पर मदद करने के महत्व से अवगत कराते हुए बताया गया कि दुर्घटना पीड़ित की मदद करना मानवता एवं सामाजिक जिम्मेदारी का कार्य है। लोगों से अपील की गई कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने से पीछे न हटें।धमतरी पुलिस द्वारा विद्यार्थियों को विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक करते हुए उन्हें कानून का सम्मान करने, अपराध से दूर रहने, साइबर सुरक्षा के प्रति सजग रहने यातायात नियमों का पालन करने तथा नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं सुरक्षित समाज के निर्माण में सहभागी बनने के लिए प्रेरित किया गया।इस जागरूकता कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य, थाना प्रभारी केरेगांव, शिक्षकगण, थाना केरेगांव के पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारीगण सहित विद्यालय के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों पर महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की तथा पुलिस अधिकारियों से संवाद कर अपनी जिज्ञासाओं एवं सवालों का समाधान भी प्राप्त किया।धमतरी पुलिस की अपील :-जागरूक बनें, सुरक्षित रहें और अपने परिवार एवं समाज को भी जागरूक करें। साइबर अपराध, नशा एवं सड़क दुर्घटनाओं से बचाव में आपकी सतर्कता ही सबसे बड़ी सुरक्षा है।






