समय पर आयकर रिटर्न भरें अंतिम तिथि का इंतजार न करें : सीए आयुष माहेश्वरी

धमतरी। आयकर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सीए आयुष माहेश्वरी ने वित्तीय वर्ष 2025-26 आकलन वर्ष 2026-27के आयकर रिटर्न आईटीआर दाखिल करने की अंतिम तिथियों की जानकारी देते हुए सभी करदाताओं से समय पर रिटर्न दाखिल करने की अपील की है।उन्होंने बताया कि वेतनभोगी Salaried करदाताओं के लिए आयकर रिटर्न दाखिल करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित है। वहीं व्यवसाय एवं पेशे से जुड़े ऐसे करदाता जिनका टैक्स ऑडिट आवश्यक नहीं है Non-Audit Cases, उनके लिए अंतिम तिथि 31 अगस्त 2026 है। इसके अतिरिक्त जिन करदाताओं के लिए आयकर अधिनियम के अंतर्गत टैक्स ऑडिट अनिवार्य है, उनके लिए आयकर रिटर्न दाखिल करने की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है।सीए आयुष माहेश्वरी ने कहा कि हर वर्ष बड़ी संख्या में करदाता अंतिम दिनों तक रिटर्न दाखिल करने का इंतजार करते हैं, जिससे आयकर पोर्टल पर अधिक भार, तकनीकी समस्याएं तथा दस्तावेजों की कमी जैसी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। समय रहते रिटर्न दाखिल करने से ऐसी समस्याओं से आसानी से बचा जा सकता है।उन्होंने बताया कि समय पर आयकर रिटर्न दाखिल करने से विलंब शुल्क एवं ब्याज से बचाव होता है। साथ ही बैंक ऋण, होम लोन, वाहन ऋण, वीज़ा, सरकारी निविदाओं, विभिन्न वित्तीय लेन-देन एवं आय प्रमाण के रूप में भी आयकर रिटर्न महत्वपूर्ण दस्तावेज है। नियमित रूप से रिटर्न दाखिल करने से करदाता की वित्तीय विश्वसनीयता भी मजबूत होती है।उन्होंने सभी करदाताओं से आग्रह किया कि वे अपना पैन आधार, बैंक खाते का विवरण फॉर्म-16, टीडीएस प्रमाणपत्र, ब्याज एवं अन्य आय का विवरण तथा व्यवसाय से संबंधित आवश्यक दस्तावेज समय रहते तैयार रखें तथा नियत समय सीमा के भीतर अपना आयकर रिटर्न दाखिल करें।अंत में सीए आयुष माहेश्वरी ने कहा कि समय पर आयकर रिटर्न दाखिल करना केवल कानूनी दायित्व ही नहीं, बल्कि एक जिम्मेदार नागरिक होने का भी परिचायक है। अंतिम तिथि का इंतजार न करें और समय रहते अपना आयकर रिटर्न दाखिल कर आर्थिक दंड एवं अनावश्यक कानूनी परेशानियों से बचें।”

Recent Posts