
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित हुआ स्टेशन, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से होगा राष्ट्र को समर्पित

बालोद:–अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत बालोद रेलवे स्टेशन को नया और आधुनिक स्वरूप मिल गया है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार, 17 जुलाई 2026 को दोपहर 2 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देशभर के 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण एवं राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इसी क्रम में रायपुर रेल मंडल के अंतर्गत आने वाले बालोद रेलवे स्टेशन का भी लोकार्पण किया जाएगा।
बालोद रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास के बाद इसे आधुनिक यात्री सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है। स्टेशन परिसर में बेहतर यात्री प्रतीक्षालय, आकर्षक प्रवेश द्वार, उन्नत प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता सुविधाएं, सुगम आवागमन की व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक अधोसंरचनात्मक विकास कार्य किए गए हैं। इससे यात्रियों को अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और बेहतर यात्रा अनुभव प्राप्त होगा।

बालोद रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास जिले के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत स्टेशन का आधुनिकीकरण न केवल यात्री सुविधाओं में वृद्धि करेगा, बल्कि क्षेत्र के विकास, व्यापार और पर्यटन को भी नई गति प्रदान करेगा।
इस अवसर पर बालोद रेलवे स्टेशन परिसर में भी कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जहां जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, रेलवे के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक प्रधानमंत्री के संबोधन और लोकार्पण कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखेंगे। प्रधानमंत्री द्वारा राष्ट्र को समर्पित किए जाने के साथ ही बालोद रेलवे स्टेशन आधुनिक रेलवे अधोसंरचना की दिशा में जिले की नई पहचान बनेगा।






