
बालोद को जल्द मिलेगी विकास की बड़ी सौगात, ऑडिटोरियम और रेलवे ओवरब्रिज निर्माण कार्य होंगे शुरू

बालोद। शहरवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग अब जल्द पूरी होने की उम्मीद है। बालोद में बहुप्रतीक्षित ऑडिटोरियम निर्माण एवं रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) के कार्यों को शीघ्र प्रारंभ कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन ने रायपुर में लोक निर्माण मंत्री अरुण साव से मुलाकात कर बालोद शहर के इन दोनों महत्वपूर्ण विकास कार्यों को जल्द शुरू कराने का आग्रह किया। उन्होंने ऑडिटोरियम निर्माण की घोषणा को शीघ्र धरातल पर उतारने तथा रेलवे ओवरब्रिज के लिए लंबित भू-अर्जन प्रक्रिया में तेजी लाने की मांग की।
इस पर लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी करते हुए सभी औपचारिक प्रक्रियाएं शीघ्र पूर्ण कर निर्माण कार्य प्रारंभ कराने के निर्देश दिए।

प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन ने कहा कि ऑडिटोरियम और रेलवे ओवरब्रिज दोनों ही परियोजनाएं बालोद के विकास की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। ऑडिटोरियम बनने से सांस्कृतिक, सामाजिक एवं शासकीय कार्यक्रमों के लिए आधुनिक सुविधा उपलब्ध होगी, वहीं रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण से शहर की यातायात व्यवस्था सुगम होगी और लोगों को जाम की समस्या से राहत मिलेगी।
उन्होंने इस संबंध में त्वरित पहल करने के लिए लोक निर्माण मंत्री अरुण साव का आभार व्यक्त करते हुए बालोद की जनता को विश्वास दिलाया कि दोनों परियोजनाओं का कार्य शीघ्र प्रारंभ होगा, जिससे शहर के विकास को नई गति मिलेगी।






