सीसीटीवी कैमरे, अलार्म सिस्टम, स्ट्रांग रूम, सुरक्षा गार्डों की तैनाती सहित सभी सुरक्षा मानकों का गहन सुरक्षा ऑडिट एवं भौतिक सत्यापन किया गयाअपराधों की रोकथाम एवं सुरक्षित बैंकिंग वातावरण सुनिश्चित करने धमतरी पुलिस द्वारा लगातार की जा रही है सरप्राइज चेकिंग धमतरी पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा बैंकों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिलेभर में विशेष बैंक सुरक्षा निरीक्षण अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक धमतरी द्वारा जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में संचालित राष्ट्रीयकृत एवं निजी बैंक शाखाओं का भौतिक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन परीक्षण करने के निर्देश दिए गए थे।निर्देशों के पालन में सभी थाना एवं चौकी द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में स्थित बैंक शाखाओं का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान बैंक परिसर में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, कैमरों की कवरेज क्षमता, अलार्म सिस्टम, सुरक्षा गार्डों की उपलब्धता एवं सतर्कता, बैंक के मुख्य प्रवेश एवं निकास द्वार, स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता, आपातकालीन सुरक्षा प्रबंध तथा अन्य आवश्यक सुरक्षा मानकों का बारीकी से परीक्षण किया गया।इस दौरान बैंक प्रबंधकों एवं कर्मचारियों से चर्चा कर उन्हें सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैंक परिसरों में आने-जाने वाले संदिग्ध व्यक्तियों पर सतत निगरानी रखने, नकदी के सुरक्षित परिवहन, सीसीटीवी कैमरों के नियमित रखरखाव, सुरक्षा उपकरणों को सदैव क्रियाशील रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल निकटतम पुलिस थाना को देने हेतु कहा गया। पुलिस अधिकारियों द्वारा बैंक कर्मचारियों एवं सुरक्षा गार्डों को यह भी अवगत कराया गया कि किसी भी आपात स्थिति अथवा आपराधिक घटना की आशंका होने पर तत्काल पुलिस सहायता प्राप्त करें तथा सुरक्षा प्रोटोकॉल का पूर्णतः पालन सुनिश्चित करें। निरीक्षण के दौरान कुछ स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने हेतु आवश्यक सुझाव भी दिए गए, जिनके शीघ्र पालन के निर्देश बैंक प्रबंधन को प्रदान किए गए हैं।धमतरी पुलिस द्वारा बैंकों, एटीएम केंद्रों एवं अन्य महत्वपूर्ण वित्तीय संस्थानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए समय-समय पर औचक निरीक्षण एवं चेकिंग अभियान संचालित किए जाते रहे हैं। इसी क्रम में यह विशेष अभियान चलाया गया, जिससे सुरक्षा व्यवस्थाओं का वास्तविक आकलन किया जा सके तथा किसी भी संभावित आपराधिक गतिविधि की संभावना को प्रभावी रूप से रोका जा सके।धमतरी पुलिस आम नागरिकों की सुरक्षा, बैंकिंग संस्थानों की संरक्षा तथा जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए निरंतर सक्रिय, सजग एवं प्रतिबद्ध है। भविष्य में भी इस प्रकार के सरप्राइज निरीक्षण एवं सुरक्षा समीक्षा अभियान नियमित रूप से जारी रहेंगे, ताकि जिले में सुरक्षित एवं भरोसेमंद बैंकिंग वातावरण सुनिश्चित किया जा सके। सतर्क धमतरी पुलिस – सुरक्षित बैंक, सुरक्षित नागरिक






