
स्वच्छ धरा वेलफेयर का 165वां स्वच्छता अभियान: तालाब और मंदिर परिसर में चलाया जनजागरण अभियान

भिलाई :– भिलाई नगर हरा-भरा, स्वच्छ धरा के संकल्प के साथ स्वच्छ धरा वेलफेयर समिति, छत्तीसगढ़ द्वारा 165वें सप्ताह का स्वच्छता जागरूकता अभियान सफलतापूर्वक संपन्न किया गया। इस दौरान टीम ने हुडको तालाब भिलाई नगर, शिव मंदिर महाकाल सुरेगांव एवं शिव दुर्गा मंदिर परिसर में व्यापक सफाई अभियान चलाया।
अभियान के तहत समिति के सदस्यों ने तालाब और मंदिरों में फैली पूजन सामग्री, प्लास्टिक कचरा, झिल्ली, खाद्य पदार्थों के रैपर, पानी पाउच, बोतलें, गुटखा पाउच, जूठे दोना-पत्तल सहित अन्य अपशिष्ट को एकत्रित कर निर्धारित स्थान पर डंप किया। यह कचरा सड़कर दुर्गंध फैला रहा था, जिसे टीम ने मेहनत कर बाहर निकाला। साथ ही घाट पर मौजूद कचरे को भी हटाकर नगर निगम द्वारा उठाव के लिए व्यवस्थित किया गया।
इस दौरान लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए कचरा निर्धारित स्थान पर डालने की अपील की गई। बैनर, नारे, स्लोगन और कविताओं के माध्यम से स्वच्छता और जल संरक्षण का संदेश दिया गया। समिति के प्रदेश अध्यक्ष नवनीत कुमार हरदेल ने पौधों की देखभाल करते हुए पानी भी डाला और “जल है तो बल है”, “जागो और जगाओ, स्वच्छता अपनाओ” जैसे नारों से जनजागरण किया।

स्थानीय लोगों ने बताया कि तालाब में मछली पकड़ने के दौरान थर्माकोल का उपयोग किया जा रहा है, जिससे पानी प्रदूषित हो रहा है। इस पर समिति ने प्रशासन से रोक लगाने की मांग की।
नवनीत कुमार हरदेल ने स्वच्छता पर आधारित हिंदी-छत्तीसगढ़ी मिश्रित कविता के माध्यम से लोगों को प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि हर वर्ष गर्मी से पहले तालाब की सफाई की जाती है, लेकिन इस बार प्रशासन के सहयोग के बिना ही कार्य करना पड़ा, जिससे कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
समिति ने प्रशासन से मांग की है कि तालाब में पूजन सामग्री विसर्जन हेतु अलग कुंड का निर्माण किया जाए, जिससे जल प्रदूषण को रोका जा सके। साथ ही श्रद्धालुओं से कम पूजन सामग्री और प्लास्टिक उपयोग करने की अपील की गई।
समिति के सदस्य नरेन्द्र बंछोर ने कहा कि टीम स्वयं कचरा उठाकर समाज को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जल संरक्षण के लिए प्रेरित कर रही है।
इस अभियान में नवनीत कुमार हरदेल, श्वेता जैन, निकिता शिंगणे, सरोज टहनगुरिया, कार्तिक राम चंद्राकर, डेरहा देशमुख, भागीरथी सिन्हा, अरुण अग्रवाल, दाऊलाल बघेल, भानु सिंह साहू, चितरंजन देशमुख, भानु शंकर बेलचंदन, महेंद्र यादव, मास्टर रितेश तांडी, हिमांशु क्षत्रिय, साक्षी तांडी, विजय कुमार सिंह एवं सुरेन्द्र कुमार सहित अनेक सदस्य शामिल रहे।






