धमतरी। नगर निगम महापौर रामू रोहरा के नेतृत्व में पार्षदों एवं भाजपा पदाधिकारियों ने जैन समाज द्वारा भगवान भगवान महावीर की जयंती के पावन अवसर पर निकाली गई भव्य शोभायात्रा का फूलों की वर्षा कर आत्मीय स्वागत किया। शहर के प्रमुख मार्गों से गुजर रही इस शोभायात्रा का गोलबाजार के पास विधिवत पूजा-अर्चना कर अभिनंदन किया गया। इस दौरान महापौर सहित जनप्रतिनिधियों ने भगवान महावीर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर प्रदेश एवं नगरवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। महापौर रामू रोहरा ने इस अवसर पर कहा कि भगवान महावीर का जीवन संपूर्ण मानवता के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने सत्य, अहिंसा, अपरिग्रह और करुणा का जो संदेश दिया, वह आज भी उतना ही प्रासंगिक है। वर्तमान समय में जब समाज विभिन्न चुनौतियों का सामना कर रहा है, ऐसे में महावीर के सिद्धांत हमें सही दिशा दिखाते हैं। उन्होंने कहा कि यदि हर व्यक्ति उनके बताए मार्ग पर चले तो समाज में शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारा और अधिक मजबूत होगा।उन्होंने जैन समाज की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजनों से न केवल आध्यात्मिक चेतना का प्रसार होता है, बल्कि समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार भी होता है। यह आयोजन हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं को जीवित रखने का भी कार्य करते हैं।महावीर जयंती के पावन अवसर पर जैन समाज को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए उन्होंने कहा कि इस पावन दिवस पर यही कामना है कि उनके बताए मार्ग पर चलकर हम सभी अपने जीवन में सद्भाव, प्रेम और सकारात्मकता का संचार करें।शोभायात्रा में आकर्षक झांकियां, धार्मिक ध्वज, भजन-कीर्तन और पारंपरिक वेशभूषा में सजे श्रद्धालु मुख्य आकर्षण रहे। भगवान महावीर के जीवन प्रसंगों को दर्शाती झांकियों ने लोगों का मन मोह लिया। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं द्वारा जगह-जगह स्वागत मंच बनाकर पुष्पवर्षा की गई, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया।इस अवसर पर बड़ी संख्या में जैन समाज के लोग, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं नगरवासी उपस्थित रहे।






