
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर जिला भाजपा कार्यालय में महिला सम्मेलन आयोजित

धमतरी/ अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के शुभ अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा जिला भाजपा कार्यालय धमतरी में महिला सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और महिला सशक्तिकरण को लेकर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा प्रदेश कोषाध्यक्ष भारती बांगल उपस्थित रहीं। उनके साथ तिलेश्वरी धुरंधर, नगर निगम महापौर श्री रामू रोहरा, , नेहरू निषाद, अर्चना चौबे, जनपद अध्यक्ष अंगिरा ध्रुव, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष अनिता यादव, मोनिका देवांगन नगर निगम सभापति कौशल्या देवांगन, महेंद्र पंडित एवं राकेश साहू सहित कई जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।मुख्य अतिथि भारती बांगल ने अपने उद्बोधन में कहा कि महिलाओं की शक्ति और सहभागिता के बिना समाज का विकास अधूरा है। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं शिक्षा, राजनीति, प्रशासन, खेल और व्यापार जैसे हर क्षेत्र में आगे बढ़कर अपनी प्रतिभा का परिचय दे रही हैं। उन्होंने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने और समाज में अपनी भागीदारी बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। नगर निगम महापौर रामू रोहरा ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाओं का सम्मान और सशक्तिकरण किसी भी समाज की प्रगति का आधार होता है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार महिलाओं के उत्थान के लिए विभिन्न योजनाएं चला रही हैं, जिनसे महिलाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है। महापौर ने सभी महिलाओं को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए समाज में उनकी भूमिका को और मजबूत बनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर उपस्थित अन्य अतिथियों ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए महिलाओं को महिला दिवस की बधाई दी। कार्यक्रम में महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।






