छत्रपति शिवाजी महाराज जयंती पर महापौर ने किया माल्यार्पण, गूंजा स्वराज का संकल्प

धमतरी/ छत्रपति शिवाजी महाराज जयंती के पावन अवसर पर नगर निगम परिसर देशभक्ति और स्वाभिमान के नारों से गुंजायमान हो उठा। इस ऐतिहासिक अवसर पर नगर निगम धमतरी के महापौर रामू रोहरा एवं सभापति कौशिल्या देवांगन सहित भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों ने छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर राष्ट्रनायक को श्रद्धासुमन अर्पित किए।महापौर रोहरा ने अपने ओजस्वी संबोधन में कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज राष्ट्र अस्मिता के प्रतीक, स्वराज के प्रणेता और जनशक्ति के अदम्य सेनानी थे। उन्होंने अन्याय, अत्याचार और दमनकारी शक्तियों के विरुद्ध संघर्ष कर स्वाभिमान की पताका फहराई। शिवाजी महाराज का जीवन हमें सशक्त नेतृत्व, निर्णायक शासन और राष्ट्रहित सर्वोपरि रखने का संदेश देता है। आज आवश्यकता है कि हम उनके आदर्शों को आत्मसात कर सुशासन, पारदर्शिता और विकास के संकल्प को और मजबूत करें।सभापति देवांगन ने कहा कि शिवाजी महाराज केवल एक पराक्रमी योद्धा नहीं, बल्कि दूरदर्शी राष्ट्रनिर्माता थे। उन्होंने संगठन शक्ति, रणनीतिक कौशल और लोककल्याणकारी नीतियों के माध्यम से आदर्श शासन की स्थापना की। उनका जीवन हर जनप्रतिनिधि के लिए प्रेरणा है कि राजनीति केवल सत्ता नहीं, बल्कि सेवा और समर्पण का माध्यम है। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने स्वराज, राष्ट्रवाद और जनकल्याण के संकल्प को दोहराया। देशभक्ति के जयघोष और उत्साहपूर्ण वातावरण के बीच कार्यक्रम गरिमामय ढंग से संपन्न हुआ।

Recent Posts