भाजपा युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष शुभांक मिश्रा ने केंद्रीय बजट 2026 को युवा-आकांक्षाओं, रोजगार और आत्मनिर्भर भारत को सशक्त करने वाला बजट बताया। उन्होंने कहा कि यह बजट केवल आंकड़ों का दस्तावेज नहीं, बल्कि विकसित भारत 2047 की दिशा में एक ठोस रोडमैप है। शुभांक मिश्रा ने कहा कि बजट में युवाओं के लिए रोजगार सृजन, स्टार्टअप्स को बढ़ावा, स्किल डेवलपमेंट, डिजिटल टेक्नोलॉजी और एमएसएमई सेक्टर पर विशेष फोकस किया गया है। स्टार्टअप इकोसिस्टम और नवाचार को प्रोत्साहन देने से युवा उद्यमियों को नए अवसर मिलेंगे और स्वरोजगार को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा क्षेत्र में निवेश, तकनीकी एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डिजिटल इन्फ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के प्रावधान युवाओं को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप तैयार करेंगे। इसके साथ ही इन्फ्रास्ट्रक्चर विकास पर जोर से बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे। शुभांक मिश्रा ने बजट को किसान, महिला और मध्यम वर्ग हितैषी बताते हुए कहा कि कृषि क्षेत्र को मजबूती, महिला सशक्तिकरण योजनाएं और मध्यम वर्ग को राहत देने वाले प्रावधान समाज के हर वर्ग को सशक्त करेंगे। उन्होंने कहा कि डिजिटल भुगतान, हरित ऊर्जा और स्वच्छ भारत से जुड़े प्रावधान देश को सतत विकास की ओर ले जाएंगे। अंत में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय वित्त मंत्री को धन्यवाद देते हुए कहा कि यह बजट विश्वास, विकास और नवभारत निर्माण की भावना को और मजबूत करता है। भाजपा युवा मोर्चा बजट की जन-जन तक जानकारी पहुंचाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएगा।






