बालोद :– जिले में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 का समापन समारोह यातायात कार्यालय बालोद के समक्ष गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक बालोद श्री योगेश कुमार पटेल के निर्देशन में संपन्न हुआ, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रतिभा चौधरी उपस्थित रहीं।

समापन समारोह का मुख्य उद्देश्य “सड़क सुरक्षा – जीवन रक्षा” के संदेश को आमजन तक पहुँचाना एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। कार्यक्रम के दौरान सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की मदद करने वाले 40 नेक व्यक्ति एवं 50 सड़क सुरक्षा मितानों को प्रशस्ति पत्र, हेलमेट एवं फर्स्ट एड किट प्रदान कर सम्मानित किया गया।

साथ ही सड़क सुरक्षा माह के दौरान आयोजित निबंध, स्लोगन, चित्रकला, रंगोली एवं मॉडल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 60 स्कूली छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र, डायरी, सड़क सुरक्षा कैलेंडर 2026 एवं मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया गया।
अतिथियों ने बालोद एवं दल्लीराजहरा में आयोजित लर्निंग लाइसेंस शिविरों की सराहना करते हुए बताया कि माह भर में 447 आवेदकों को लर्निंग लाइसेंस प्रदान किए गए। इसके अलावा 147 वाहन चालकों का स्वास्थ्य एवं नेत्र परीक्षण, तथा परिवहन विभाग एवं यातायात पुलिस द्वारा 24 स्कूली बसों की संयुक्त जांच की गई।

नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रतिभा चौधरी एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका ठाकुर ने अपने संबोधन में हेलमेट पहनने, संयमित गति से वाहन चलाने एवं यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। अधिकारियों ने विशेष रूप से युवाओं से बिना लाइसेंस वाहन न चलाने एवं शराब सेवन कर वाहन न चलाने का आह्वान किया।

सड़क सुरक्षा माह के दौरान हेलमेट रैली, नुक्कड़ नाटक, बाइक रैली, जुम्बा कार्यक्रम, रक्तदान शिविर, शपथ कार्यक्रम, हाट-बाजार एवं मेला मंडई में जागरूकता रथ के माध्यम से आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम के दौरान माया शर्मा, बोनीफॉस एक्का, उप पुलिस अधीक्षक बालोद, आशुतोष शर्मा तहसीलदार बालोद, डॉ. श्रीमाली सिविल सर्जन बालोद डॉ. मुरती, रक्षित निरीक्षक श्रीमति रेवती वर्मा, यातायात प्रभारी निरीक्षक रविशंकर पाण्डेय, थाना प्रभारी बालोद निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा,श्रीमति गायत्री शर्मा थाना प्रभारी अजाक महिला सेल साइबर प्रभारी सउनि घरम भुआर्य, सउनि सीता गोस्वामी महिला सेल बालोद, जिला बालोद पुलिस के अधिकारी कर्मचारी एवं यातायात स्टॉफ,परिवहन विभाग बालोद के स्टॉफ, स्कूली छात्र/छात्राएं एवं आम नागरिक उपस्थित रहे।







