एमसीबी/24 सितम्बर 2025/ – जिले की मनेंद्रगढ़ ब्लॉक स्थित ग्राम पंचायत साल्ही में सेवा पखवाड़ा दिवस के अवसर पर पोषण और स्वच्छता को लेकर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम कलेक्टर डी. राहुल वेंकट और जिला पंचायत सीईओ अंकिता सोम शर्मा के निर्देशानुसार तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी राजकुमार खाती के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ग्राम पंचायत साल्ही के सरपंच केवल सिंह मरकाम रहे, जबकि उपसरपंच दल प्रताप सिंह और पंच श्रीमती गंगा देवी एवं श्रीमती लीलावती सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे। कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती माता के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर किया गया और सभी अतिथियों का स्वागत किया गया।


इस अवसर पर सेक्टर पर्यवेक्षक श्रीमती शिल्पा अग्रवाल ने पोषण माह के महत्व के साथ गर्भवती महिलाएं, शिशु, किशोरी बालिकाओं और बच्चों को अपने पोषण का ध्यान रखने के व्यावहारिक उपाय बताए। उन्होंने गाँव में उपलब्ध फल और सब्जियों के सही सेवन और पोषण संतुलन बनाए रखने की जानकारी दी। इसके पश्चात ब्लॉक स्वच्छता समन्वयक श्रीमती प्रभा प्यासी ने उपस्थित ग्रामवासियों से स्वच्छता अपनाने और अपने आस – पास सफाई बनाए रखने की अपील की। सरपंच केवल सिंह मरकाम ने ग्रामवासियों से कुपोषण मुक्त, स्वच्छ और बाल विवाह मुक्त ग्राम बनाने की शपथ दिलाई और पोषण तथा स्वच्छता को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम का समापन पोषण और स्वच्छता रैली के साथ हुआ, जिसमें दीप प्रज्ज्वलित कर पोषण और स्वच्छता की रोशनी फैलाने का संकल्प लिया गया। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में स्वच्छता कार्यकर्ता “स्वच्छता ग्राही दीदी”, ग्रामवासियों, शिक्षकों और बच्चों का विशेष योगदान रहा।
ब्युरो रिपोर्ट






